April 18, 2024

 

इंदौर। डोल ग्यारस पर मंगलवार को फूलों से सजे डोल में राधा-कृष्ण को विराजित कर विभिन्न समाजों के चल समारोह निकलेंगे। अनंत चतुर्दशी के तीन दिन पहले झिलमिलाती झांकियां झांकी मार्ग पर दिखाई देगी। इस बार डोल ग्यारस पर तीन मंगलकारी संयोग बन रहे हैं। माना जाता है कि इस दिन वामन अवतार के पूजन से घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली का आगमन होता है।
भाद्रपद की शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि छह सितंबर को सुबह 5.54 पर शुरू होकर सात सितंबर को सुबह 3.04 बजे तक रहेगी। एकादशी के दिन सुबह 8.16 तक आयुष्मान और इसके बाद सौभाग्य योग दिवस पर्यंत रहेगा। इस दिन रवि योग सुबह 6.01 मिनट से शाम 6.09 मिनट तक रहेगा। इसे परिवर्तिनी व जल जूलन एकादशी भी कहते हैं। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु करवट बदलते हैं।

शस्त्र कला का करेंगे प्रदर्शन, निकलेंगे डोल

डोल ग्यारस पर शस्त्र कला का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न समाजों के डोल निकलेंगे। गोपाल और नृसिंह मंदिर में डोल सजाए जाएंगे। मध्य प्रदेश प्रजापति बरदिया समाज द्वारा राधाकृष्ण नयनाभिराम डोल कुम्हारखाड़ी मेन रोड से शाम 6 बजे निकाला जाएगा। प्रवक्ता महेश कश्यप ने बताया कि राधा कृष्ण की झांकी के साथ ब्रजलाल गुरु व्यायामशाला द्वारा शस्त्र कला का प्रदर्शन किया जाएगा। डोल मरीमाता चौराहा, इमली बजार, राजबाड़ा होकर हरसिद्धि मंदिर जाएगा। यहां महाआरती की जाएगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने घरों से बाहर निकल कर और भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर पालकी के नीचे से परिक्रमा लगाते हैं।