धार में मजदूरों को मिलीं 1 करोड़ की गिन्नियां

घर की खुदाई में 103 सोने की गिन्न्यिां और जेवर को आपस में बांटा, पकड़े गए 8 लोग

ब्रह्मास्त्र धार
मध्यप्रदेश के धार में एक जर्जर मकान की खुदाई के दौरान मजदूरों को खजाना मिल गया। मजदूरों ने खजाना आपस में बांट लिया। लेकिन उनका ये राज ज्यादा दिनों तक छुप नहीं सका। एक मजदूर ने रातोंरात उधारी चुका कर नई बाइक खरीद ली। रोज शराब पीने लगा। उसने नशे में खजाना मिलने की बात लोगों को बता दी। यहीं से मामला पुलिस तक पहुंच गया। जांच में पता चला कि मकान तोड़ने के दौरान मजदूरों को 1 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत की सोने की 103 गिन्नियां और जेवर मिले थे। टीआई समीर पाटीदार ने बताया कि शुक्रवार शाम 7.30 बजे तक पुलिस 4 लोगों को थाने ले आई थी। बाद में चार और आरोपी पकड़े गए। सभी को कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगी जाएगी। मामले में धार के एक व्यापारी का नाम भी सामने आ रहा है। पुलिस उसे भी हिरासत में ले सकती है। पुलिस को आशंका है गिन्नियों की संख्या ज्यादा भी हो सकती है। धार में नालछा दरवाजा इलाके के पास चिटनीस चौक में शिवनारायण राठौड़ का मकान दो हिस्सों में बना हुआ है। एक हिस्से में परिवार रहता है। दूसरा हिस्सा जर्जर था और इसे तोड़कर नया मकान बनाया जा रहा है। मजदूर एक महीने से यहां काम कर रहे हैं। दीवार गिराते समय सोने के जेवर और सिक्के निकले। एडिशनल एसपी देवेंद्र पाटीदार ने बताया कि मकान मालिक से पूछताछ की, लेकिन परिवार को कोई जानकारी नहीं थी। इसके बाद वहां काम करने वाले मजदूरों के बारे में जानकारी जुटाई गई। एक मजदूर सुरेश का पता चला। पुलिस उसके घर हिम्मतगढ़ गांव पहुंची। सबसे पहले सुरेश को अरेस्ट कर थाने लाया गया। उसने ही गिन्नियां मिलने और इसे बांटने की सारी जानकारी दी। सुरेश मजदूरों का ठेकेदार है।