April 16, 2024

उज्जैन। आजादी का पर्व स्वतंत्रता दिवस एक बार फिर अपने गुनाहों की आजीवन सजा काट रहे बंदियों के लिए रिहाई लेकर आ रहा है। कल केंद्रीय जेल भेरूगढ़ से 33 बंदियों को रिहा किया जाएगा। जिसमें एक महिला बंदी भी शामिल होगी।
केंद्रीय जेल भैरवगढ़ अधीक्षक उषा राजे ने बताया कि राष्ट्रीय पर्व के दौरान जेल में बंद बंदियों के अच्छे आचरण को देखते हुए उनकी सजा माफी का प्रावधान है जिसके चलते कल 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर 33 बंदियों को रिहा किया जाएगा। आजीवन सजा काट रहे रिहाई पाने वाले बंदियों का जेल में आचरण काफी अच्छा रहा है जिसके चलते उनकी रिहाई के लिए भोपाल जेल मुख्यालय पत्र भेजा गया था जिसकी अनुमति मिल चुकी है। कल सुबह आजादी के पर्व पर होने वाले ध्वजारोहण के बाद बंदियों को रिहा किया जाएगा। उन्हें शपथ दिलाई जाएगी की दोबारा से अपराध में शामिल नहीं होंगे और बंदी ग्राम में नहीं लौटेंगे। अपना आगामी जीवन देश सेवा और अच्छे कामों के साथ परिवार के साथ व्यतीत करेंगे। रिहाई के दौरान उन्हें जेल में किए गए परिश्रम का पारितोषिक भी सौंपा जाएगा। बंदियों के रिहाई की सूचना परिजनों तक पहुंचा दी गई है। सुबह 7:00 बजे परिजनों को जेल परिसर में प्रवेश दिया जाएगा।