April 20, 2024

ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली की सड़कों पर रैली के दौरान ट्रैफिक कानून की धज्जियां उड़ाना बीजेपी सांसद को बहुत महंगा पड़ा है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के पास जैसे ही इस घटना का सीसीटीवी फुटेच पहुंचा, वो एक्टिव हो गई। सरेआम ट्रैफिक कानूनो की खुद ही धज्जियां उड़ाते पकड़े गए बीजेपी सांसद का नाम मनोज तिवारी है। वह दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। मनोज तिवारी के ऊपर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने करीब 41 हजार का अर्थदंड ठोंका है। इसमें दुपहिया वाहन के उस स्वामी की चालान राशि भी शामिल है।

सांसद मनोज तिवारी बुधवार को राजधानी की सड़कों पर दुपहिया वाहन पर सवार होकर समर्थकों के साथ निकल पड़े। उनके साथ समर्थकों का हुजूम था। भीड़ में शामिल अधिकांश लोग दुपहिया वाहनों पर सवार थे। चूंकि साथ में खुद उत्तर पूर्व दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के सांसद ही ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। लिहाजा प्रत्यक्ष रुप से अपने जन-प्रतिनिधि (लोकसभा सांसद मनोज तिवारी) को ही ट्रैफिक कानूनों की धज्जियां उड़ाती देखकर, दुपहिया वाहनों पर उनके साथ चल रहे समर्थकों को भी कानून का भय नहीं रहा। लिहाजा भीड़ में शामिल तमाम लोग खुद भी बिना हेलमेट लगाए हुए ही रैली में शामिल होने पहुंच गए। हालांकि बाद में उन्होंने ट्वीट कर माफी मांग ली।