महिला ने दवा के साथ निगल ली हेयर पिन: पेट दर्द का इलाज कराती रही, एंडोस्कोपी से पता चला, अब ठीक

इंदौर। एक महिला को करीब एक माह से पेट दर्द हो रहा था। इस दौरान उसने कई डॉक्टरों को बताया तो उन्होंने सामान्य पेट दर्द समझकर उसका इलाज किया लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा। इस पर उसने इंदौर के ही एक प्राइवेट हॉस्पिटल में दिखाया तो डॉक्टरों ने उसकी जांच की। इसमें पता चला कि महिला के पेट में एक हेयर पिन फंसी है जिससे पेट में कई घाव हो गए हैं। डॉक्टरों की टीम ने उक्त एंडोस्कोपी प्रोसेस में हेयर पिन निकाली जिसके बाद महिला को आराम है।
मामला इंदौर निवासी रजिया बी (46) का है। उसे करीब एक माह से पेट दर्द के साथ उल्टियां हो रही थी। उसने गांव में ही दो-तीन होम्योपैथिक डॉक्टरों को दिखाया तो उन्होंने उसे दवाइयां दी लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा। इस बीच उसका दर्द और बढ़ गया और उठने-बैठने में भी परेशानी होने लगी। इस पर उसने 20 जुलाई को एक प्राइवेट हॉस्पिटल में डॉक्टरों को दिखाया। इसके साथ ही भूख नहीं लगने की बात भी कही। यहां डॉक्टरों ने उसकी सोनोग्राफी सहित सभी जरूरी जांच कराई लेकिन सभी की रिपोर्ट नॉर्मल आई। इस पर डॉक्टरों ने उसकी एंडोस्कोपी प्रोसेस शुरू की।
डॉ. रविजा प्रसाद के मुताबिक एंडोस्कोपी से इलाज शुरू किया तो पेट के अपर पार्ट में छालों जैसे घाव दिखे जो सूखने के साथ सफेद हो गए थे। पिर डॉक्टरों ने दूरबीन सिस्टम से पेट के अंदरुनी हिस्से को देखा तो गहराई में पीले रंग की एक हेयर पिन दिखाई दी। इस पर करीब 20 मिनट की प्रोसेस में उक्त हेयर पिन को निकाल लिया।
डॉ. प्रसाद ने बताया कि उक्त पिन मसल्स के बीच में फंसी के कारण सोनोग्राफी में दिखाई नहीं दी। इसके बाद एंडोस्कोपी में इसका पता चला। महिला अभी एडमिट है तथा उसे सेमी लिक्विड डाइट दी जा रही है। उसका इलाज (करीब 3 हजार रु.) आयुष्मान योजना में हुआ है। जल्द ही उसे डिस्चार्ज किया जाएगा। महिला का करीब 10 साल से डिप्रेशन का इलाज चल रहा है। पति ने बताया कि संभवत: दवाइयां लेने के दौरान उसने गलती से हेयर पिन निगल ली।