कांग्रेसी नेता का पब शुरू होते ही अमीरजादों की औलादों में लात घूंसे चले

इंदौर के विजयनगर थाने में रात को भाजपा- कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा, चार गिरफ्तार

इंदौर। कहते हैं कि सिर मुड़ाते ही ओले पड़े। विजयनगर क्षेत्र में एक कांग्रेसी नेता के पब में बीती रात ऐसा ही हो गया। मेदांता हास्पिटल के पास नया पब कल ही शुरू किया था और रात में वहां पर हंगामा हो गया। कांग्रेसी नेता के इस नए पब स्काई वाकर में किसी बात पर विवाद हो गया और देखते ही देखते लात घूसे चलने लगे। पब कांग्रेसी नेता गोलू अग्निहोत्री का बताया जा रहा है, जो नगर निगम चुनाव में पार्षद की जंग में पराजित हो गए हैं। अमीरजादों की बिगड़ी औलादें आपस में भिड़ गई। मारपीट में 5 लोग घायल बताए जा रहे हैं। रात में ही थाने में भीड़ जमा हो गई और भाजपा तथा कांग्रेस के कई नेताओं का जमावड़ा हो गया। बहरहाल पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। पब पहले ही दिन विवाद में आ गया।