April 27, 2024

उज्जैन। राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माने गए उज्जैन नगर निगम के महापौर और 54 वार्ड पार्षदों के चुनाव परिणाम रविवार को घोषित हो जाएंगे। मतगणना सुबह 9 बजे से शासकीय इंजीनियरिंग कालेज में की जाएगी। रुझान दोपहर लगभग 12 बजे से आना शुरू होंगे। शाम 5 बजे तक नए महापौर और पार्षदों की तस्वीर साफ हो जाएगी। एक दिन पहले शनिवार को सभी प्रत्याशियों ने देवस्थानों पर जाकर पूजन-अर्चन किया और अपनी जीत के लिए प्रार्थना की।
मालूम हो कि महापौर पद के पांच और पार्षद पद के 178 प्रत्याशियों का भाग्य 6 जुलाई को हुए मतदान के बाद स्ट्रांग रूम में बंद हो गया था। मतदान के बाद से सबकी निगाहें नतीजों पर टिकी हुई हैं। सभी को परिणाम का बेसब्री से इंतजार है। हर एक की जुबां पर एक ही सवाल है- अबकी बार किसकी सरकार। रविवार को चुनाव नतीजे आने पर यह स्पष्ट हो जाएगा कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार अपनी नगर सरकार बनाने का कीर्तिमान रचेगी या फिर कांग्रेस पूरे 12 साल के बाद सत्ता में लौटेगी। बहरहाल, मतगणना और चुनाव परिणाम घोषित करने को जिला निर्वाचन कार्यालय ने वृहद और विशेष बंदोबस्त शासकीय इंजीनियरिंग कालेज में किए हैं। कलेक्टर आशीष सिंह ने इन बंदोबस्त का शनिवार शाम निरीक्षण किया। ड्यूटीरत सभी अधिकारी-कर्मचारी को मोबाइल कैमरा आदि न लाने की हिदायत दी। बताया कि स्ट्रांग रूम का दरवाजा सुबह 8 बजे खोलकर ईवीएम को बाहर निकाल निर्धारित टेबलों पर पहुंचाया जाएगा।