बादल फटने से थमी यात्रा- इंदौर सहित मालवा से गए कई यात्री अमरनाथ यात्रा में फंसे

इंदौर। अमरनाथ गुफा के पास बादल फटने से यात्रा को रोक दिया गया है। इसके चलते इंदौर सहित मालवा क्षेत्र से गए कई यात्री फंस गए हैं। दर्शन कर वापस लौट रहे यात्रियों का कहना है कि मौसम शाम तक ठीक था लेकिन एकाएक हालत बिगड़ गए। बादल फटने से दर्शन करने आए श्रद्धालुओं के बीच अफरा तफरी मच गई है। भंडारे और टेंट इसकी चपेट में आ गए हैं। कई लोगों की मौत हो गई। राहत कार्य जारी है।
29 जून को इंदौर से अमरनाथ यात्रा पर गए भोले अमरनाथ ग्रुप के 125 लोगों ने गुुरुवार सुबह दर्शन किए। ग्रुप के प्रमुख राजू जैन का कहना है कि वापसी में हम अभी राम वन तक ही पहुंचे थे कि बादल फटने की खबरें आने लगीं। इससे हम घबरा गए। हम दर्शन कर जब लौट रहे थे तो मालवा के कई लोग भी समूह में गुफा की ओर जाते हुए नजर आए थे। हादसे में कई लोगों के मरने की भी खबर है जबकि कई घायल हैं। इंदौर के राहुल तिवारी का कहना है कि अमरनाथ गुफा से करीब दो किलोमीटर दूर यह घटना हुई है। घटना के बाद यात्रा रोक दी गई है। बारिश के बाद पानी बड़ी मात्रा में बहकर नीचे आ रहा है। इंदौर के लवकुश विहार में रहने वाले विनय त्रिवेदी ने बताया कि करीब 25 टेंट तबाह हो गए हैं। कुछ लोगों के नंबर थे लेकिन उनसे बात नहीं हो पा रही है।
इंदौर से दर्शन के लिए 25 खिलाड़ी भी गए हैं – इंदौर के प्रकाश हाकी क्लब के 25 खिलाड़ी भी दर्शन करने गए थे। क्लब सचिव देवकीनंदन सिलावट ने बताया कि राष्ट्रीय खिलाड़ी बंटी यादव के साथ भगवान अमरनाथ दर्शन करने खिलाड़ियों का समूह गया है, पर सभी सकुशल हैं।