फर्जी मतदान पर पांच वार्डों में विवाद, भाजपा प्रत्याशी के वाहन पर पथराव, लाठीचार्ज

इंदौर। सुखलिया क्षेत्र में मतदान के दौरान भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी के बीच जमकर विवाद हुआ। जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। जिसमें पांच लोग घायल हो गए। विवाद के दौरान भाजपा प्रत्याशी चंदू शिंदे के वाहन पर कांग्रेस प्रत्याशी राजू भदौरिया के समर्थकों ने पथराव कर दिया और कांच फोड़ दिए।
इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता हीरा नगर थाने पर हंगामा करने पहुंचे। वहां उन्होंने भदौरिया के दो कार्यकर्ताओं को पीट दिया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर कार्यकर्ताओं को वहां से खदेड़ दिया। लोधीपुरा, हरसिद्धि, आजाद नगर और कंडिलपुरा में भी विवाद हुए।
विवाद की शुरूआत हीरानगर बस्ती से हुई। फर्जी मतदान की शिकायत पर यहां के बूथ पर शिंदे और भदौरिया पहुंचे थे। इस बीच बस्ती की महिलाओं ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता अभद्र भाषा का प्रयोग रहे है। इस बाद को लेकर दोनो के समर्थकों में विवाद हुआ और पुलिस ने कांग्रेस प्रत्याशी भदौरिया को थाने पर बैठा लिया।
इंदौर में नगर निगम चुनाव मतदान के दौरान भाजपा प्रत्‍याशी चंदू शिंदे के वाहन का कांच फोड़ दिया गया। इसके बाद हंगामा हुआ। पुलिस को लोगों को तितरबितर करने के लिए बलप्रयोग करना पड़ा।
साढ़े चार बजे शिंदे अपने वाहन में हीरानगर बस्ती से निकले तो भदौरिया की पत्नी रेखा भदौरिया उनके वाहन के सामने चप्पल लेकर खड़ी हो गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिंदे के वाहन को घेर लिया और पथराव कर कांच फोड़ दिए। यह देख बूथ पर तैनात पुलिस जवानों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लाठियों भांज कर खदेड़ दिया। शिंदे समर्थकों के साथ हीरानगर थाने पहुंचे।
इस बीच पुलिसकर्मी शिंदे के वाहन में तोड़फोड़ करने वालों को पकड़ कर थाने लाए। उन्हें देख भाजपा कार्यकर्ता भड़क गए और उनकी पिटाई शुरू कर दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया। जिसमें पांच कार्यकर्ता घायल हो गए। बाद में चिंटू चौकसे भी समर्थकों के साथ थाने पर पहुंचे। उन्हें भी पुलिस ने खदेड़ दिया। बाद में थाने पर कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला, विधायक जीतू पटवारी, विशाल पटेल भी मौके पर पहुंचे।