अब बूथ प्रबंधन पर जोर, मतदान दल रवाना होने का सिलसिला शुरू

दो दिन तक राजनीतिक दलों के नेताओं और प्रत्याशियों का पूरा जोर बूथ प्रबंधन पर

इंदौर। नगर निगम और जिले की आठ नगर परिषदों में चुनावी सभाओं, रोड शो और जनता के बीच जाकर प्रचार का शोर राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद साेमवार शाम को थम गया। नगर निगम के अलावा सांवेर, देपालपुर, गौतमपुरा, हातोद, महूगांव, बेटमा, मानपुर और राऊ नगर परिषदों के लिए 6 जुलाई को मतदान होगा। अब आज और कल राजनीतिक दलों के नेताओं और प्रत्याशियों का पूरा जोर बूथ प्रबंधन पर रहेगा। इस बीच आज मंगलवार को मतदान दल चुनाव के लिए मतदान केंद्राें के लिए रवाना होना शुरू हो गए।

नेहरू स्टेडियम में स्ट्रांग रूम

निगम चुनाव के लिए नेहरू स्टेडियम में स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। आज सुबह चार बजे से ही स्ट्रांग रूम खोल दिया गया था और स्टेडियम के मैदान पर बने अलग-अलग काउंटरों पर विधानसभावार और मतदान केंद्रवार ईवीएम दलों को दी जा रही थी। सात बजे से मतदान दल के कर्मचारियों को 2250 मतदान केंद्राें के लिए मतदान सामग्री सौंपने की शुरुआत कर दी गई थी। वर्षा से बचाव के लिए मैदान में विशाल डोम बनाए गए हैं। इन डोम में कुर्सियां लगाई गई हैं। मतदान दलों के कर्मचारियों को भटकना न पड़े इसलिए उनको कुर्सियों पर बैठे-बैठे ही अन्य कर्मचारी ईवीएम और अन्य मतदान सामग्री सौंपेंगे। इंदौर में चुनाव कराने के लिए शासकीय कर्मचारियों की कमी को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीषसिंह ने धार, झाबुआ और बड़वानी जिलों से भी 1500 कर्मचारी मांगे थे। यह कर्मचारी सोमवार को इंदौर पहुंच गए हैं।

स्टेडियम के अंदर चलेंगी 40 शटल बस

मतदान सामग्री लेने के बाद मतदान दल के कर्मचारियों को स्टेडियम के बाहर निर्धारित बसों तक छोड़ने के लिए भी स्टेडियम के अंदर 40 शटल बसों का इंतजाम किया गया है। मतदान दलों को मतदान केंद्र तक पहुंचाने के लिए 410 बसों की व्यवस्था की है। नेहरू स्टेडियम में मतदान सामग्री प्राप्ति के लिए आने लगे हैं मतदान दल। नवाचार करते हुए इलेक्ट्रिक वीइकल्स से अंतिम डोम तक ले जाए जा रही हैं इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन। मतदान दलों की सुविधा के लिए नेहरू स्टेडियम के भीतर सामग्री परिवहन के लिए हाथ ठेलों का इंतज़ाम भी जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा किया गया है।