ट्राला चोरी करने चार पहिया वाहन में आये थे बदमाश

उज्जैन। आकाश पेट्रोल पम्प से 12 दिन पहले चोरी हुआ ट्राला धार से आये बदमाशों ने चुराया था। बदमाश चार पहिया वाहन में सवार होकर आये थे और स्थानीय 2 बदमाशों की मदद से वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों का साथ देने वाले दोनों बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। विराटनगर में रहने वाले असलम पिता अब्दुल रहमान का ट्राला 20 जून की रात आगररोड आकाश पेट्रोल पम्प के सामने से चोरी हो गया था। चिमनगंज पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर फुटेज खंगाले। ट्राला आगररोड से चिमनगंज थाने के सामने से होता हुआ जाता दिखाई दिया। फुटेज में ट्राले के आगे एक चार पहिया वाहन भी चल रहा था। पुलिस ने वारदात करने वालों का सुराग तलाशना शुरु किया तो सामने आया कि चोरी में पिंगलेश्वर का रहने वाला सादिक और तकिया मजिस्द निवासी सोहेल उर्फ सोनू भी शामिल है। एसआई यादवेन्द्र परिहार, प्रधान आरक्षक शैलेष योगी और आरक्षक श्याम वरण ने दोनों के घर दबिश देकर शनिवार रात हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि ट्राला चोरी करने में धार के तीन बदमाशों शौकत, अरबाज उर्फ बाज और मोहसीन का हाथ है। तीनों चार पहिया वाहन में आये थे। हमने मिलकर ट्राला चोरी किया। अरबाज उर्फ बाज चलाकर महाराष्ट्र के धूलिया तक ले गया। हम चार पहिया वाहन में सवार होकर साथ गये थे। जहां से हम वापस लौट आये थे। दोनों से वारदात का खुलासा होने पर रविवार दोपहर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से 7 जुलाई तक रिमांड पर लिया गया है। एक टीम फरार तीन बदमाशों की तलाश में धार भेजी जाएगी।