April 24, 2024

उज्जैन। शिप्रा नदी में होने वाले हादसों को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिए हैं। बावजूद रविवार शाम महिला ने दो बच्चों के साथ नदी में छलांग लगा दी। गोताखोरों ने तत्काल बच्चों और महिला को बचाकर बाहर निकाला। मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा सामने आने के बाद महिला को समझाइश के बाद परिजनों के सुपुर्द किया गया।
शाम 6 बजे के लगभग मौलाना मौज की दरगाह के सामने शिप्रा नदी के घाट पर दो बच्चों के साथ पहुंची महिला ने कुछ देर टहलने के बाद अचानक बच्चों को उठाकर नदी में छलांग लगा दी। घाट पर मौजूद गोताखोरों ने घटनाक्रम देखा तो तत्काल ही सबसे पहले दोनों बच्चों को बाहर निकाला। नदी में पानी कम होने की वजह से महिला की जान भी बचा ली गई। मामले की सूचना महाकाल थाना पुलिस को दी गई। इस दौरान सामने आया कि महिला जामा मस्जिद के पास सब्जी मंडी की रहने वाली है जिसका नाम शानू बी पति सरफराज है। उसका कहना था कि पति ने दूसरी महिला को रख लिया है जिसके चलते आए दिन विवाद होते हैं वह अपने दो मासूम बच्चों को कैसे पाले। सुबह के बच्चों ने कुछ खाया भी नहीं है।