महाराणा प्रताप जयंती पर विशाल शोभायात्रा निकाली गई

महिदपुर। शनिवार को राजपूत कल्याण समिति द्वारा महाराणा प्रताप जयंती पर कृषि उपज मंडी समिति प्रांगण से विशाल शौर्ययात्रा निकाली गई जिसमें घोड़े पर सवार महाराणा प्रताप और झांसी की रानी आकर्षण का केंद्र रही।
शौर्ययात्रा में समाजजनों के साथ अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा करणी सेना के पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण भारी संख्या में सम्मिलित हुए। गगनभेदी जयकारों के साथ शौर्ययात्रा का ब्राह्मण समाज, मेवाडा माली समाज, भाजपा, कांग्रेस, दबंग हिंदू सेना, बंजारा समाज, अखंड हिंदू सेना, अखिल भारतीय संगठन, प्रताप गुरु फैंस क्लब, भगवती जोशी मित्र मंडल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद आदि के मंचों से पुष्प वर्षा कर समाज जनों का स्वागत किया गया। शौर्य यात्रा अंबेडकर चौक, राजेंद्र मार्ग, चौक बाजार, गांधी मार्ग, भगत सिंह चौक, घोड़ा पछाड़, पुराना बस स्टैंड होकर राजपूत बोर्डिंग पहुंचकर सभा में परिवर्तित हो गया।
सभा में राजपूत कल्याण समिति अध्यक्ष भगवान सिंह पंवार एडव्होकेट ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भेरू सिंह चौहान, राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा जिला अध्यक्ष जीवन सिंह तंवर, दहेज विरोधी राष्ट्रीय संगठन के महामंत्री वीरेंद्र सिंह सिसोदिया, दहेज विरोधी संघ के प्रांत अध्यक्ष महेंद्र सिंह कनौदिया, करणी सेना के संभागीय मंत्री शैलेंद्र सिंह झाला, संभागीय प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह केरवास, बलराम सिंह चंद्रावत, नारायण सिंह बापू, मदन सिंह राठौर, करण सिंह डोडिया, बन्दूसिंह राजपूत, नारायण सिंह डोडिया एडवोकेट, नाहर सिंह कसारी, शक्ति सिंह पंवार आदि वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए समाज सुधार के साथ ही कानूनों में सुधार की मांग के साथ सामान्य गरीब वर्ग के आरक्षण का प्रतिशत बढ़ाने एवं सुधारों की मांग की। इन मांगों के समर्थन में होने वाले प्रदर्शनों में भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन हाकम सिंह डोडिया आजमाबाद एवं आभार क्षत्रिय महासभा के तहसील अध्यक्ष अंतर सिंह राजपूत रोहिड़ा ने माना।