March 29, 2024

राज्यसभा से एंट्री देकर केंद्रीय मंत्री बनाने का प्रस्ताव..! हर चुनाव में अरुण यादव के होते हैं चर्चे

ब्रह्मास्त्र इंदौर। खबर चल रही है कि भाजपा ने विपक्ष के एक क़द्दावर नेता को राज्यसभा भेजने और केंद्र में मंत्री बनाने का प्रस्ताव दिया है। सोमवार क़ो इस पर मुहर लग सकती है। विपक्षी नेताओं को अपने पाले में करने के लिए भाजपा पहले भी कई बार ऐसा कर चुकी है, इसलिए यदि विपक्ष और खासकर कांग्रेस को तोड़ने के लिए फिर किसी नेता की भाजपा में आमद होने जा रही हो तो आश्चर्य की बात नहीं। राज्यसभा के जरिए सांसद बनने और फिर केंद्रीय मंत्री बनाए जाने का अवसर कोई कांग्रेसी नेता उठा ले, तो यह भी आश्चर्य की बात नहीं है। वैसे पिछले कुछ वर्षों से निमाड़ के कद्दावर कांग्रेसी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव का संभावित दलबदल चर्चाओं के केंद्र में है। वे मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। कई बार उनके असंतुष्ट होने की खबरें भी आती रही हैं। जब जब भी चुनाव का दौर आता है तो अरुण यादव को लेकर यह चर्चा चल पड़ती है कि वह कांग्रेस से भाजपा में जाने वाले हैं। सभी जानते हैं कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से उनकी पटरी नहीं बैठती है। कभी-कभी दिखावे के तौर पर एक साथ होना और बात हहै। फिलहाल यह तो नहीं कहा जा सकता कि भाजपा आज कांग्रेस में फिर कोई धमाका कर देगी या नहीं। यदि ऐसा होता भी है तो ऊंट किस करवट बैठेगा यह देखना बाकी है।

कविता पाटीदार के नाम पर सभी चौंके

इंदौर में महू की जानी-मानी नेता भाजपा नेत्री कविता पाटीदार को अचानक राज्यसभा पहुंचाने का निर्णय लेकर भाजपा आलाकमान ने चौंकाया है। वैसे चर्चा में तो भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय थे। समझा जा रहा था कि भाजपा उन्हें राज्यसभा भेज सकती है, परंतु उनकी बजाए इंदौर जिले की ही कविता पाटीदार को टिकट दे दिया गया। प्रदेश में राज्यसभा की 3 सीटें खाली हुई हैं। इसमें दो भाजपा और कांग्रेस को मिलना तय मानी जा रही है। कांग्रेस ने विवेक तंखा को रिपीट किया है। वे आज नामांकन भी दाखिल करने वाले हैं, वहीं भाजपा कविता पाटीदार के नाम पर मुहर लगा चुकी है। भाजपा की ओर से अब सिर्फ एक नाम की घोषणा बाकी है। संभावना है कि आज देर रात तक कोई फैसला हो जाएगा।