March 19, 2024

ब्रह्मास्त्र इंदौर। शहर की एक युवती के साथ कानपुर के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर द्वारा शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। दोनों की पहचान साल 2021 में मेट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए हुई थी। दोनों के रिश्ते की बात चली, हालांकि उस वक्त युवक के परिवार ने लड़की पसंद नहीं होने का कहकर शादी से इनकार कर दिया था। लेकिन युवक फिर भी पीड़िता को शादी का झांसा देकर उससे मिलता रहा। मार्च 2022 में युवक ने चार से ज्यादा बार युवती से संबंध बनाए।
थाना प्रभारी रविंद्र गुर्जर ने बताया कि अक्टूबर 2021 में शादी डॉट कॉम के माध्यम से आरोपी निर्मल राठौर (30) पिता गंगा राठौर निवासी कानपुर की पहचान इंदौर की रहने वाली युवती से हुई थी। एक-दूसरे से मिलने के बाद दोनों के परिवार भी आपस में मिले। तब लड़के के घरवालों ने युवती को नापसंद कर दिया। लेकिन आरोपी निर्मल लगातार युवती से संपर्क में था। आरोपी बेंगलुरु की एक कंपनी में बतौर सॉफ्टवेयर इंजीनियर काम करता है। लॉकडाउन के बाद से ही वह अपने घर कानपुर से वर्क फ्रॉम होम कर रहा था।

युवती को बोला था शादी तो तुझसे ही करूंगा

पुलिस के मुताबिक युवक के परिवार ने जब शादी के लिए मना कर दिया, तो युवती ने आरोपी निर्मल से बातचीत बंद कर दी। उसके बावजूद भी आरोपी लगातार पीड़िता से फोन पर संपर्क कर रहा था। उसने कई बार युवती से यह भी कहा कि शादी केवल तुझसे ही करूंगा। इस कारण युवती उसके झांसे में आ गई। मार्च 2022 से लेकर अबतक आरोपी कई बार कानपुर से इंदौर आया। विजय नगर थाना क्षेत्र की होटल में चार से अधिक बार संबंध बनाए। कुछ दिनों बाद युवती ने आरोपी से शादी की बात कही तो निर्मल ने साफ मना कर दिया। जिसके बाद युवती ने पुलिस को अपनी शिकायत दर्ज कराई थी।

5 हजार का इनामी, 6 माह से था फरार

दुष्कर्म के मामले में जब आरोपी से पीड़िता ने संपर्क किया, तो उसने इंदौर आने से मना कर दिया। जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पर 5 हजार का इनाम घोषित कर दिया था। शनिवार देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर विजयनगर थाने लाया गया।