April 26, 2024

उज्जैन। घर में बेटे की शादी का माहौल छाया हुआ था। सुबह माता पूजन की तैयारियां की जा रही थी, इस बीच दुल्हा बनने जा रहा बेटा सडक़ दुर्घटना का शिकार हो गया। हाथों में मेंहदी लगने से पहले बेटा खून से लथपथ हो चुका था। माता पूजन की जगह घर से उसकी अर्थी निकाली गई।
माकडोन में रहने वाले बद्रीलाल कुसमारिया ने अपने बेटे मिथुन 20 वर्ष का विवाह सारंगपुर में तय किया था। घर में शादी की तैयारियां शुरु हो चुकी थी। रविवार को बेटे का माता पूजन रखा गया। रिश्तेदारी में मिथुन की भांजी निकिता निवासी विराटनगर उज्जैन का भी विवाह होना था। मामा-भांजी की शादी को लेकर पूरे परिवार में खुशियों का माहौल था। मिथुन शनिवार को भांजी की सगाई होने पर भाई के साले राहुल के साथ बाइक पर सवार होकर उज्जैन आ गया। उसने भांजी को कपड़े दिये और रात में वापस बाइक से माकडोन के लिये रवाना हो गया। तराना के समीप जवासिया रोड पर उसकी बाइक को तेज रफ्तार से आये डम्पर ने जोरदार टक्कर मार दी। मिथुन और राहुल खून से लथपथ होकर गंभीर घायल हो गये।