April 25, 2024

ब्रह्मास्त्र देहरादून। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा में इस बार रिकॉर्ड श्रद्धालुओं की संख्या दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। 3 मई से गंगोत्री व यमुनोत्री के कपाट खुलने के साथ ही 6 मई को केदारनाथ व 8 मई को बद्रीनाथ के कपाट खुल चुके हैं। 9 मई तक चारों धामों में 2 लाख 11 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। जिनमें सबसे ज्यादा केदारनाथ में 77 हजार से ज्यादा श्रद्धालु 4 दिन में दर्शन कर चुके हैं। इस बीच अब तक चारों धामों में 20 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। इसकी पुष्टि स्वास्थ्य विभाग भी कर रहा है, जो कि आंकड़ा डराने वाला है।

अव्यवस्थाओं का बोलबाला
कोविड प्रतिबंध खत्म होने के दो साल बाद खुली चारधाम यात्रा में इस बार यात्रियों के पहुंचने के रिकॉर्ड टूट रहे हैं, लेकिन यात्रा पर निकले 20 यात्रियों की मौत से भी प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। डीजी हेल्थ डॉक्टर शैलजा भट्ट ने बताया कि सीएमओ की रिपोर्ट के आधार पर ही अब तक 20 की पुष्टि की जा रही है। यमुनोत्री, गंगोत्री में 14, केदारनाथ में 5 व बद्रीनाथ में एक श्रद्धालु की मौत हो चुकी है। चारधाम यात्रा में आने वाले अधिकतर यात्री बुजुर्ग होते हैं। जिनमें कई बीमार में होते हैं। चारधाम यात्रा मार्ग पर मौत का आंकड़ा बढ़ने के पीछे यात्रियों की भीड़ और बदइतंजामी भी मानी जा रही है। श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ होने के कारण चेक पोस्ट पर उनका प्रोपर चेकअप नहीं हो पा रहा है।