देश में राजस्थान का श्रीगंगानगर सबसे गर्म, पारा 48 डिग्री सेल्सियस

बिहार में लू से युवक की मौत, मप्र के 12 जिलों में हीटवेव का अलर्ट

ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली/भोपाल

देश में राजस्थान का श्रीगंगानगर सबसे गर्म शहर रहा। यहां सीजन का सबसे ज्यादा 48 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। 6 साल पहले 2019 में शहर का तापमान 49 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने राजस्थान के 13 जिलों में आज भीषण गर्मी की चेतावनी दी है।

बिहार के शिवहर में घर की मरम्मत कर रहे एक युवक की लू लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रवि राम (30 साल) के रूप में हुई है। मौसम विभाग ने आज राज्य के सभी जिलों में हीटवेव का आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। तापमान भी 1-2 डिग्री बढ़ सकता है।

मध्य प्रदेश में गुरुवार को लगातार छठे दिन भीषण गर्मी का असर रहेगा। ग्वालियर, चंबल-सागर संभाग के 12 जिलों में लू चलने की संभावना है। वहीं, बीते दिन यूपी के अधिकतर जिलों में 40 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड हुआ। आज भी प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव की चेतावनी है। इधर, दिल्ली में पारा 45 डिग्री पहुंचने के कारण रेड अलर्ट है। बुधवार को दिल्ली का आया नगर 45.0 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश में गर्मी का अलर्ट जारी किया है।

Author: Dainik Awantika