बिजली-तूफान से 7 की मौत, एमपी-झारखंड समेत 14 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, राजस्थान में हीटवेव की चेतावनी

ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली

मौसम विभाग ने सोमवार को मप्र-झारखंड समेत 14 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं, राजस्थान में धूलभरी आंधी के साथ हीटवेव की चेतावनी है।
बिहार में रविवार को 6 लोगों की मौत हो गई। 5 लोगों की बिजली गिरने और एक महिला की मौत पेड़ गिरने से हुई। 4 लोग घायल हैं। राजस्थान में रविवार को तेज गर्मी का असर दिखा। प्रदेश में अगले 4 दिन गर्मी का आॅरेंज अलर्ट जारी किया है।

उधर, कश्मीर के बारामूला, शोपियां समेत कई जिलों में रविवार रात तेज आंधी चली। इसमें कई घरों को नुकसान पहुंचा और पेड़ भी उखड़ गए। शोपियां जिले के बेहक गडर गांव में पेड़ गिरने से एक लड़की की मौत हो गई वहीं, उसके पिता घायल हो गए।

वहीं, बेंगलुरु में रविवार को तेज बारिश हुई, कई इलाकों में 110 मिमी. से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। जिससे सड़कों और घरों में पानी भर गया। आज भी यहां तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण अरब सागर, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान द्वीप समूह और अंडमान सागर के शेष भागों तथा पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ भागों पर आगे बढ़ा है।

मौसम के मुताबिक अगले तीन-चार दिनों के दौरान दक्षिण अरब सागर, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, मध्य बंगाल की खाड़ी तथा उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ भागों पर दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए सही स्थिति है।

Author: Dainik Awantika