ट्रक-आटो की भिड़ंत, 8 साल की मासूम की मौत -शादी में जा रहा था परिवार, 4 गंभीर घायल

उज्जैन। उन्हेल में गुरूवार शाम आटो और ट्रक की भिड़ंत हो गई। आटो में 5 से 6 लोग सवार थे, सभी को गंभीर हालत में चरक अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने घायलों में शामिल 8 साल की मासूम का परीक्षण करने के बाद मृत घोषित कर दिया। 4 घायलों को उपचार के लिये भर्ती किया गया है।
इंदौर के पंचवटी स्थित रविदास नगर में रहने वाला परिवार घर की आॅटो में सवार होकर रिश्तेदारी में आयोजित शादी में शामिल होने के लिये नागदा के लिये निकला था। परिवार के कुछ सदस्य बाइक से पीछे आ रहे थे। आटो उन्हेल से 1 किलोमीटर आगे पेट्रोल पम्प तक पहुंचा था, तभी सामने से आये 10 पहियों के ट्रक से भिड़ंत हो गई। आटो पलटी खा गया और पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। लोगों ने दुर्घटना देखी तो आटो में सवार लोगों को बाहर निकाले पहुंचे। चालक सहित 5 लोग गंभीर घायल हुए थे। जिन्हे तत्काल उपचार के लिये एम्बुलेंस से उपचार के लिये उज्जैन चरक अस्पताल लाया गया। जहां घायलों में शामिल 8 साल की मासूम खुशी पिता बलराम मालवीय को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में खुशी का भाई रोहन पिता बलराम 14 वर्ष, मां राधा पति बलराम, मामा कृष्णा पिता रमेश, मासी पिंकी पति उमेश गंभीर घायल हुई थी। जिन्हे उपचार के लिये भर्ती किया गया। आटो के पीछे आ रहे पिंकी और राधा के पति भी तत्काल अस्पताल पहुंच गये थे। आटो में 2 मासूम ऋषभ और सौरभ पिता उमेश भी सवार थे, जो बाल-बाल बच गये। परिजनों ने बताया कि खुशी चार भाईयों में एकलौती बहन थी। परिवार मजदूरी करता है। डॉक्टरों ने मासूम का शव पोस्टमार्टम कक्ष में रखा है। उधर दुर्घटना की जानकारी लगने पर उन्हेल पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। बताया जा रहा है कि चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला था। जिसका पता लगाया जा रहा है। उन्हेल थाना प्रभारी अशोक शर्मा का कहना था कि मामले में दुर्घटना का प्रकरण दर्ज किया जायेगा।

Author: Dainik Awantika