हिमाचल प्रदेश में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले- 70 प्रतिशत रक्षा सामग्री खुद बना रहा भारत

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी आईआईटी में सोमवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत अब 70 प्रतिशत रक्षा सामग्री का निर्माण खुद कर रहा है। पहले 70 प्रतिशत सामग्री आयात करनी पड़ती थी। उन्होंने कहा, भारत ने अब रक्षा सामग्री का निर्यात शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023-24 में 23 हजार करोड़ रुपए की रक्षा सामग्री निर्यात की है। 2029 तक इसे बढ़ाकर 50 हजार करोड़ रुपए तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। राजनाथ ने कहा, आईआईटी मंडी पहले से ही डीआरडीओ के साथ मिलकर रक्षा क्षेत्र में काम कर रहा है। उन्होंने इस संस्थान के छात्रों से एआई तकनीक का उपयोग कर रक्षा क्षेत्र में नए अनुसंधान करने का आग्रह किया। उन्होंने आईआईटी की एक नई परिभाषा भी दी- इनिशिएट, इम्प्रूव और ट्रांस्फॉर्म। राजनाथ सिंह ने भारत की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए कहा, भारत वर्तमान में दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचने की ओर अग्रसर है। उन्होंने छात्रों से कभी भी छोटे मन से कोई काम न करने की अपील की।

Author: Dainik Awantika