अहमदाबाद। गुजरात में जूनागढ़ नगर निगम, वलसाड जिले की तीन नगरपालिका समेत 66 नगरपालिकाओं, तीन तालुका पंचायतों और कई पंचायतों के उपचुनावों के लिए मतगणना पूरी हो गई। कई सीटों पर अन्य दलों के पीछे हटने के कारण भाजपा ने पहले ही निर्विरोध जीत हासिल कर ली थी। बीजेपी ने 66 में से 62 नगरपालिकाएं जीतीं हैं। आम आदमी पार्टी ने भी देवभूमि द्वारका में दो वार्ड पर जीत दर्ज की है। दिल्ली विधानसभा चुनाव और छत्तीसगढ़ स्थानीय निकाय चुनावों में हार के बाद कांग्रेस को गुजरात में भी करारी हार का सामना करना पड़ा है। पार्टी सिर्फ जूनागढ़ की ही सीट जीत सकी है। वहीं, शेष 5 में अन्य पार्टियां किंगमेकर की भूमिका में हैं। 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण के साथ राज्य में पहली बार हुए स्थानीय स्वशासन चुनावों में 66 नगर पालिकाओं के आम चुनाव, 2 नगर पालिकाओं के मध्यावधि चुनाव और जूनागढ़ नगर निगम चुनाव के लिए मतगणना हुई। दो बड़े उलटफेर भी हुए हैं। जिसमें चोरवाड़ नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 3 में कांग्रेस विधायक विमल चुडासमा को हार का सामना करना पड़ा है। जबकि 6 बार उप महापौर रहे गिरीश कोटेचा के बेटे पार्थ कोटेचा जूनागढ़ नगर निगम चुनाव में हार गए हैं।