पीएम मोदी बोले- टेक्सटाइटल एक्सपोर्ट 3 लाख करोड़ रुपए पहुंचा, 2030 तक 9 लाख करोड़ रुपए पहुंचाने का टारगेट

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को ‘भारत टेक्स 2025’ में भाग लेने भारत मंडपम पहुंचे। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने बताया कि आज हम दुनिया के छठे सबसे बड़े टेक्सटाइटल और अपैरल्स एक्सपोर्टर हैं। हमारा टेक्सटाइटल एक्सपोर्ट 3 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है। इसे 2030 तक 9 लाख करोड़ रुपए तक पहुंचाने का टारगेट है। पीएम मोदी ने कहा आज भारत मंडपम भारत टेक्स के दूसरे आयोजन का साक्षी बन रहा है। इसमें हमारी परंपराओं के साथ ही विकसित भारत की संभावनाओं के दर्शन भी हो रहे हैं। ये देश के लिए संतोष की बात है कि हमने जो बीज रोपा है आज वो वटवृक्ष बनने की राह पर तेज गति से बढ़ रहा है। भारत टेक्स अब एक मेगा ग्लोबल टेक्सटाइल इवेंट बन रहा है। इस आयोजन से टेक्सटाइल सेक्टर में निवेश, निर्यात और समग्र विकास को जबरदस्त बढ़ावा मिल रहा है। भारत टेक्स के इस आयोजन में हमारे परिधानों के जरिए भारत की सांस्कृतिक विविधता के भी दर्शन होते हैं।

 

Author: Dainik Awantika