इंदौर।इंदौर में इलेक्ट्रिक कार (टाटा पंच) में चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई, जिसने तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में रबर कारोबारी मनोज पुगलिया, उनकी गर्भवती बहू सिमरन सहित 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हैं।मारे गए लोगों में से 6 मनोज के रिश्तेदार थे, जो मंगलवार को बिहार के किशनगंज से आए थे। घटना बुधवार तड़के 3.30 से 4 बजे के बीच बंगाली चौराहे के पास ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी की है।पुलिस के अनुसार, कार से घर तक फैली आग ने अंदर रखे गैस सिलेंडरों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे एक के बाद एक सिलेंडर फटने लगे। धमाका इतना तेज था कि मकान का एक हिस्सा ढह गया। घर में लगे डिजिटल लॉक खुल नहीं पाए, इसके कारण अंदर सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।रहवासियों ने बताया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियां सूचना देने के करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचीं।बिहार के किशनगंज निवासी बिजली देवी ने बताया कि विजय सेठिया कॉस्मेटिक कारोबार से जुड़े थे। उन्हें जबड़े में कैंसर था। इसलिए वह ऑपरेशन कराने परिवार के साथ अपने बेटी-दामाद के घर इंदौर गए थे।पड़ोसी दुकानदार सौरभ ने बताया कि विजय सेठिया इलाज कराने के लिए इंदौर गए थे, लेकिन वहां हादसे में उनकी पत्नी, बेटे, बहन और बहनोई समेत उनकी भी मौत हो गई।सौरभ के अनुसार, विजय सेठिया की किशनगंज में दो दुकानें हैं। वे इन दिनों अपना नया घर भी बनवा रहे थे। सौरभ ने बताया कि कुछ दिन पहले ही वह इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर उनके घर गए थे।
EV चार्जिंग के दौरान घर जला, 8 मौतें:4 घायल; घर के डिजिटल लॉक नहीं खुले; लोग अंदर फंसे रह गए