April 30, 2024

इंदौर। कोरोनाकाल के दो साल बाद इस बार बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व विजयादशमी आज हर्षोल्लास से मनाई जा रही है। इस अवसर पर शाम 7.30 से रात 9.30 बजे तक इंदौर में 100 से अधिक स्थानों पर रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसमें करीब 20 स्थान ऐसे होंगे, जहां हजारों की संख्या में रावण पुतला दहन देखने लोग पहुंचेंगे।

दशहरा मैदान में 111 फीट के रावण , 250 फीट की लंका का होगा दहन

दशहरा उत्सव समिति के संयोजक सत्यनारायण सलवाड़िया और अध्यक्ष पिंटू जोशी ने बताया कि इस वर्ष दशहरा मैदान पर 111 फुट ऊंचा रावण का पुतला और 250 फीट की लंका का निर्माण किया गया है। इंदौर सहित देवास और खरगोन के कलाकारों द्वारा कपड़ा, बांस, लकड़ी एवं अन्य चीजों से रावण का पुतला तैयार किया है। दहन से पहले शाम पांच बजे शोभायात्रा निकलेगी। इसमें हाथी, घोड़े, राम-लक्ष्मण्, हनुमान की वानर सेना, बैंड-बाजे, बग्घी मुख्य आकर्षण होंगे। रावण दहन शाम 7.30 बजे किया जाएगा।

तिलक नगर में होगी रंगारंग आतिशबाजी होगी

तिलक नगर रावण दहन समिति के तत्वावधान में तिलक नगर मैदान में इस वर्ष 51 फीट का रावण और एक हजार फीट की लंका बनाई जा रही है। छोटे खां देवास वाले द्वारा आकर्षक आतिशबाजी की जाएगी। संरक्षक अविनाश पचौरी ने बताया कि हर साल 30-40 हजार लोग रावण का पुतला दहन देखने आते हैं। इस दिन श्रेष्ठ कार्य करने वाले तीन सेवकों का सम्मान भी किया जाएगा। रावण दहन रात 8.30 बजे होगा।

चिमनबाग मैदान : रावण के दस सिर एक-एक कर होंगे विच्छेदित

दशहरा उत्सव समिति चिमनबाग के अध्यक्ष अनिल यादव व संयोजक अरविंद यादव ने बताया कि चिमनबाग मैदान में 111 फीट का रावण बनाया गया है। रावण के दस सिर अलग-अलग विच्छेदित होंगे। हनुमान अपनी वानर सेना के साथ पूरी लंका का दहन करेंगे। यहां रात 8 बजे दहन कार्यक्रम होगा।

विजय नगर – वर्षा को देखते हुए वाटरप्रूफ रावण भी

दशहरा उत्सव समिति विजय नगर के मुन्नालाल यादव ने बताया कि इस साल उज्जैन के कलाकारों ने 51 फीट का रावण बनाया है। यहां रात 9 बजे दहन होगा।

उषागंज मैदान में वाटरप्रूफ रावण

एकता सहयोग समिति के किशोर मीणा और कपिल तिवारी ने बताया कि उषागंज हाईस्कूल मैदान वाटरप्रूफ शाही स्नान करने वाला रावण बनाया गया है। दहन के पूर्व रावण दोनों हाथों से अग्नि चक्र चलाएंगे।

होलकर परिवार की पालकी यात्रा, होगा शमी पूजन

देवी अहिल्याबाई होलकर गादी रक्षण समिति के सरदार प्रतापसिंह होलकर के आड़ा बाजार स्थित हवेली से 5 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे पालकी यात्रा निकाली जाएगी। दशहरा मैदान पर शमी पूजन श्रीमंत सरदार उदयसिंह होलकर करेंगे।