औद्योगिक विकास की सराहना की, निवेश और गतिविधियों का दायरा बढ़ाने पर जोर दिया मुख्य सचिव पहुंचे विक्रम उद्योगपुरी, तीन इकाइयों का किया निरीक्षण  पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार का संदेश दिया गया

उज्जैन।मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल शुक्रवार को उज्जैन के विक्रम उद्योगपुरी के विकास को देखने के लिए पहुंचे थे । उन्होंने इस दौरान तीन ईकाईयों का स्थल निरीक्षण किया है। उन्होंने अधिकारियों के समक्ष औद्योगिक विकास की सराहना की और निवेश और गतिविधियों का दायरा बढाने पर जोर दिया है। इस दौरान मुख्य सचिव ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।मुख्य सचिव ने निरीक्षण की शुरुआत मेसर्स सिम्बायोटेक जेनफोल्ड प्राइवेट लिमिटेड की इकाई से की। यहां उन्होंने एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रीडिएंट्स (API) और न्यूट्रास्यूटिकल्स के निर्माण की प्रक्रिया, उत्पादन गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने वीआरएम मॉलिक्यूलर एंड न्यूक्लियर मेडिसिन्स प्राइवेट लिमिटेड की इकाई में PET-CT और न्यूक्लियर मेडिसिन जांच में उपयोग होने वाली रेडियोफार्मास्युटिकल दवाओं के निर्माण की प्रक्रिया देखी। निरीक्षण के तीसरे चरण में उन्होंने निर्माणाधीन वीई कमर्शियल व्हीकल्स प्लांट का जायजा लिया और परियोजना की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों ने विक्रम उद्योगपुरी के फेज-1 और फेज-2 की योजनाओं तथा आगामी औद्योगिक संभावनाओं से भी अवगत कराया।योजनाओं की समीक्षा, औद्योगिक विस्तार पर जोर-निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल ने उज्जैन में औद्योगिक विकास की संभावनाओं को आगे बढ़ाने और आगामी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने और प्रस्तावित परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

एमपीआईडीसी के प्रबंध संचालक चंद्रमौली शुक्ला ने मुख्य सचिव को विक्रम उद्योगपुरी के फेज-1 और फेज-2 की योजनाओं, अब तक हुई प्रगति और आगामी विकास कार्यों की जानकारी दी। वहीं, एमपीआईडीसी उज्जैन के कार्यकारी संचालक राजेश राठौर ने प्रस्तावित औद्योगिक गतिविधियों, निवेश की संभावनाओं और भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया। मुख्य सचिव ने औद्योगिक क्षेत्र में विकसित हो रही नई इकाइयों को उज्जैन के आर्थिक और औद्योगिक विस्तार के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए विकास कार्यों को गति देने पर बल दिया।पौधारोपण किया-

औद्योगिक इकाइयों के निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने विक्रम उद्योगपुरी में पौधारोपण भी किया। इस पहल के माध्यम से औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार का संदेश दिया गया। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर रोशन सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment