उज्जैन। महाकाल दर्शन के लिए गाजियाबाद से उज्जैन आए 38 वर्षीय मुकेश कुमार का शव शुक्रवार सुबह महाकाल लोक के नीलकंठ द्वार के सामने स्थित होटल टेम्पल व्यू के कमरे में मिला। कमरे से बदबू आने के बाद होटल स्टाफ को संदेह हुआ और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची महाकाल थाना पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर कमरे की जांच की, जहां मुकेश का शव मिला। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
दोस्त के साथ 1 सितंबर को आया था उज्जैन
पुलिस के अनुसार न्यू कोटगांव, गाजियाबाद निवासी मुकेश कुमार 1 सितंबर को अपने दोस्त विनीत गोयल के साथ उज्जैन आया था। दोनों ने महाकाल लोक के नीलकंठ द्वार के सामने स्थित
होटल टेम्पल व्यू में कमरा लिया था। होटल स्टाफ के मुताबिक दोनों दो दिन तक होटल में साथ रहे और शराब पीकर आते-जाते थे। इसके बाद 3 सितंबर को विनीत गोयल ने होटल का पूरा बिल चुकाया और वहां से चला गया। बताया जा रहा है कि वह इसके बाद होटल वापस नहीं आया।
शुक्रवार सुबह कमरे से आई तेज बदबू
3 सितंबर के बाद मुकेश के कमरे से बाहर नहीं आने पर होटल स्टाफ को शुक्रवार सुबह संदेह हुआ। कमरे से तेज बदबू आने पर प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद दरवाजा खुलवाया गया। अंदर मुकेश का शव मिला। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर जांच कराई और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
बाथरूम से निकलते समय गिरने की आशंका
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल के अनुसार प्रारंभिक जांच में ऐसे फुटेज सामने आए हैं, जिनमें मुकेश के बाथरूम जाने और बाहर निकलते समय गिरने की बात सामने आई है। आशंका है कि गिरने के बाद वह दोबारा नहीं उठ पाया। हालांकि अभी इसे मौत का कारण नहीं माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
साथी विनीत गोयल की तलाश में पुलिस
पुलिस ने विनीत गोयल के अचानक होटल का पूरा बिल चुकाकर चले जाने को जांच का महत्वपूर्ण बिंदु माना है। उसके बाद से वह संपर्क में नहीं आया है। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और विनीत की तलाश कर रही है। फिलहाल पुलिस ने उसे मामले में संदिग्ध माना है, लेकिन उसकी भूमिका को लेकर जांच जारी है।
पुलिस ने मुकेश के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के उज्जैन पहुंचने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत के कारण और पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।