रिमांड पर टूटे आरोपियों ने कबूली भैंस चोरी की वारदात -जंगल में बांधकर रखी थी, पुलिस बरामद कर लाई

उज्जैन। बिना नम्बर की बोलेरो पिकअप में अवैध शराब का परिवहन करते हिरासत में आये 2 आरोपियों को रिमांड पर लिया गया था। पूछताछ में टूटे दोनों आरोपियों ने 3 भैंस चोरी की वारदात भी कबूल कर ली। पुलिस ने भैंसों को बरामद कर दोनों बदमाशों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है।
महिदपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार पाटीदार ने बताया कि 16 जुलाई को बिना नम्बर की बोलेरो पिकअप में अवैध शराब का परिवहन कर रहे सुरेश पिता कालूराम गायरी 30 साल निवासी खासपुरा आलोट जिला रतलाम और धीरब पिता धुला कंजर 22 साल निवासी ग्राम अरनिया डेरा थाना गंगधार जिला झालावाड राजस्थान को गिरफ्तार किया गया था। उनके पास से 30 लीटर कच्ची जहरीली शराब बरामद होने पर कोर्ट में पेश किया गया और पूछताछ के लिये एक दिन का रिमांड मांगा गया। रिमांड अवधि में सख्त पूछताछ करने पर दोनों टूट गये और 14 जुलाई की रात ग्राम खजुरिया मंशुर में खेत पर बने कमरे का ताला तोड़कर 2 भैंस और एक पाड़ी चोरी करना भी कबूल कर लिया। भैंसे चोरी होने की शिकायत 2 दिन पहले संजय बगाना द्वारा दर्ज कराई गई थी। उसने बताया था कि 15 जुलाई की सुबह जब खेत पर बंधी भैंसों का दूध निकालने पहुंचा तो 2 भैंस और एक पाड़ी गायब थी। थाना प्रभारी के अनुसार अवैध शराब का परिवहन करने वालों से भैंस चोरी का खुलासा होने पर भैंस बरामद करने के प्रयास शुरू किये गये। दोनों आरोपियों ने ग्राम पिपल्याभीम के जंगल में भैंसों को बांधकर छुपा रखा था। भैंसों की बरामदगी के लिये एसआई सुखसेन अरियाम, अन्नपूर्णा कठेरिया, प्रधान आरक्षक विजयसिंह, आरक्षक आदिराम,  राघवसिंह की टीम को रवाना किया गया। जंगल में बंधी दोनों भैंस और पाड़ी मिल गई। जिसकी कीमत ढाई लाख रूपये से अधिक होना सामने आई। दोनों बदमाशों का रिमांड खत्म होने पर कोर्ट में पेश किया गया था। जहां से न्यायिक हिरासत में महिदपुर सबजेल भेजा गया है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment