जगन्नाथ यात्रा में संदिग्धों को पकड़ने वाली टीमों को इनाम -कुछ श्रद्धालुओं ने दर्ज कराई मोबाइल चोरी की शिकायत

उज्जैन। भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में गुरूवार को श्रद्धालुओं के मोबाइल चोरी होने की खबर मिलते ही पुलिस ने सर्चिंग शुरू की। 24 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। जिसके चलते बड़ी वारदात नहीं हो पाई। हिरासत में लिये गये संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। वहीं संदिग्धों को हिरासत में लेने वाली टीमों को पुलिस अधीक्षक ने इनाम दिया।
धार्मिक नगरी में भगवान जगन्नाथ की यात्रा का आयोजन इस्कॉन मंदिर और खाती समाज द्वारा किया गया था। रथयात्रा की शुरूआत आगररोड से हुई। हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुये। रथयात्रा का मार्ग आगररोड से देवासरोड का था। यात्रा की शुरूआत होते ही आगररोड पर 2 श्रद्धालुओं के मोबाइल चोरी होने की खबर सामने आई। चिमनगंज थाना पुलिस की टीम ने तत्काल मोबाइल चोरी करने वालों की तलाश शुरू की, कुछ देर में पारदी गिरोह के 2 बदमाशों को हिरासत में लिया गया। यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती थी, बावजूद यात्रा में बदमाश शामिल हो गये थे, पुलिस ने वारदातों को रोकने और बदमाशों का पता लगाने के लिये मुस्तैदी दिखाई। यात्रा फ्रीगंज क्षेत्र में पहुंची, यहां भी कुछ श्रद्धालुओं के मोबाइल चोरी के मामले माधवनगर थाना पुलिस के पास पहुंचे, लेकिन यात्रा में पुलिस पूरी तरह से अलर्ट थी और वारदात करने वालों की तलाश कर रही थी। इस दौरान संदिग्धों की तलाश कर रही पुलिस को एक बदमाश चाकू के साथ यात्रा में शामिल होना मिला। जिसे तत्काल हिरासत में लेकर चाकू जप्त किया गया। पूरे यात्रा मार्ग से पुलिस की टीमों ने करीब 24 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया, जो श्रद्धालुओं के मोबाइल, पर्स, चेन चोरी की फिराक में थे। पुलिस के अलर्ट होने पर बड़ी वारदात नहीं हो पाई।
पुलिस अधीक्षक ने टीमों को दिया इनाम
रथयात्रा के दौरान वारदात की फिराक में घूम रहे संदिग्धों को हिरासत में लेने वाली नागझिरी थाना प्रभारी कमल निगवाल थाना और उनकी टीम की तत्परता, सजगता और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा करते हुए पुलिस अधक्षक प्रदीप शर्मा ने 10 हजार का इनाम देने की घोषणा की। पुलिस अधीक्षक ने माधवनगर थाना सीएसपी  दीपिका शिंदे और उनकी टीम में शामिल आरक्षक अरुण, अशोक, दीपसिंह केदार पटेल की सतर्कता और उत्कृष्ट कार्यवाही पर उन्हे भी 10 हजार का इनाम देने की घोषणा की।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment