उज्जैन। स्कूटी पर सवार 3 बदमाशों ने मंगलवार रात नीलगंगा क्षेत्र में कुछ घंटे के दरिम्यान 2 लूट की वारदात और एक स्नेचिंग का प्रयास किया था। पुलिस ने 24 घंटे में तीनों को हिरासत में ले लिया। एक बदमाश भोपाल के बैरागढ़ का रहने वाला है। उसके 2 नाबालिग साथी उज्जैन में रहते है। तीनों चोरी की स्कूटी से वारदात करने निकले थे।
नीलगंगा थाना पुलिस को बुधवार सुबह सुभाषनगर स्थित ओम रेसीडेंसी में रहने वाले तुषार पिता मुकेश किशनानी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि फाजलपुरा में इलेक्ट्रॉनिक बाइक की दुकान संचालित करता है। मंगलवार रात 10.30 बजे वह अपने छोटे भाई कृष्णा और मां भावना किशनानी के साथ रेसीडेंसी के सामने गार्डन के पास टहल रहा था। उसी दौरान स्कूटी पर सवार 3 बदमाश आये और हाथ पर झपटा मारकर मोबाइल छीनने का प्रयास किया। मोबाइल जमीन पर गिर गया। तीनों बदमाशों ने चाकू निकाल लिया और भाई कान्हा के गले से सोने की चेन, हाथ की घड़ी लूटकर भाग निकले। वारदात के बाद पता चला कि बदमाशों ने शास्त्रीनगर में अशोक धनवानी के गले से चेन स्नेचिंग और अलखधाम नगर में शुभम सेन से मोबाइल छीना है। थाना प्रभारी तरूण कुरील ने बताया कि तुषार किशनानी की शिकायत पर मामले में प्रकरण दर्ज किया और बदमाशों की तलाश शुरू की गई। तीनों वारदात स्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गये जिसके आधार पर बदमाशों का सुराग मिलने पर 24 घंटे में तीनों को हिरासत में लिया गया है। एक बदमाश भोपाल के बैरागढ़ में रहने वाला कुणाल पिता हेमंत कटारिया है। उसके 2 साथी बागपुरा और सुभाषनगर के नाबालिग है। तीनों की निशानदेही पर एक तोला से अधिक वजनी चेन, 24 हजार रूपये कीमत की घड़ी और 32 हजार कीमत का मोबाइल बरामद कर लिया गया है। फिलहाल तीनों से पूछताछ की जा रही है। शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जायेगा।
वारदात में प्रयुक्त गाड़ी चोरी की
थाना प्रभारी ने बताया कि बदमाशों से वारदात में प्रयुक्त गाड़ी (दो पहिया स्कूटी) जप्त की गई है। जो एक माह पहले चोरी होना सामने आई है। स्कूटी कहां से चोरी की गई थी, इसका पता लगाया जा रहा है। तीनों चोरी की स्कूटी से वारदात कर भागे थे। जानकारी यह भी सामने आई है कि कुणाल अपने रिश्तेदार के यहां उज्जैन में रहता है। पूर्व में भी वारदात कर चुके है। पूछताछ में कुछ ओर वारदात की जानकारी सामने आ सकती है।
24 घंटे बाद हिरासत में आये, वारदात में शामिल 2 नाबालिग चोरी की गाड़ी पर लूटपाट करने निकले थे बदमाश