उज्जैन।भगवान महाकालेश्वर की नगरी में श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाले साइबर ठगों के खिलाफ उज्जैन पुलिस ने शिकंजा कसा है। होटल और भक्त निवास के नाम पर ऑनलाइन बुकिंग का झांसा देकर धोखाधड़ी करने वाली 11 फर्जी वेबसाइटों और लिंक्स को ब्लॉक करवाया गया है।यह कार्रवाई एसपी प्रदीप शर्मा के निर्देश पर साइबर सेल द्वारा की गई है। श्रद्धालु जब इन फर्जी साइट्स के जरिए कमरा बुक कर एडवांस पैसे जमा कराते थे, तो उज्जैन पहुंचने पर उन्हें ठगी का पता चलता था। पुलिस ने जांच में मध्य प्रदेश टूरिज्म सम्राट विक्रमादित्य, महाकालेश्वर भक्त निवास के नाम से मिलती-जुलती फर्जी साइट्स और ट्रिप एडवाइजर व जस्ट डायल के फर्जी लिंक चिह्नित किए। इसके बाद पुलिस मुख्यालय भोपाल के माध्यम से आईटी एक्ट 2000 और भारतीय न्याय संहिता के तहत नोटिस जारी कर इन्हें तत्काल निष्क्रिय कराया गया। पुलिस की सलाह: हेल्पलाइन पर करें शिकायत : पुलिस ने होटल या भक्त निवास की बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट से करने और भुगतान से पहले जांचने की अपील की है। ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
महाकाल के भक्तों को ठगने वाली 11 फर्जी वेबसाइट्स बंद