उज्जैन। शहर की छवि एवं सुंदरता को धूमिल करने वाले अवैध फ्लेक्स, बैनर और होर्डिंग्स के खिलाफ नगर निगम ने गुरुवार को व्यापक कार्रवाई की। निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा के निर्देश पर अतिक्रमण रिमूवल गैंग द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौराहों से बिना अनुमति लगाए गए फ्लेक्स एवं होर्डिंग्स हटाए गए।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में बिना अनुमति किसी भी प्रकार के फ्लेक्स, बैनर या होर्डिंग लगाने पर संबंधित व्यक्तियों एवं संस्थानों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, कोचिंग संस्थानों एवं दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि प्रचार-प्रसार के नाम पर शहर की सुंदरता को नुकसान न पहुंचाएं।
प्रमुख क्षेत्रों में चली कार्रवाई
नगर निगम की टीम ने शहर के कई प्रमुख क्षेत्रों में अभियान चलाकर अवैध फ्लेक्स एवं होर्डिंग्स हटाए। कार्रवाई के दौरान निम्न मार्ग एवं चौराहे शामिल रहे—
गोपाल मंदिर से छत्री चौक
चामुंडा माता मंदिर से फ्रीगंज ओवरब्रिज
तीन बत्ती से इंदिरा गांधी प्रतिमा एवं टावर चौक
तीन बत्ती से सिंधी कॉलोनी होते हुए दो तालाब से नानाखेड़ा चौराहा
हरीफाटक से शांति पैलेस चौराहा
दरगाह मंडी से सेंट पॉल स्कूल कानीपुरा रोड
कोठी रोड से स्मार्ट सिटी होते हुए तरणताल देवास रोड
चरक अस्पताल से इंदौर गेट होते हुए हरिफाटक ब्रिज
जूना सोमवारिया से पिपली नाका अंकपात मार्ग
इन क्षेत्रों में खंभों, रोटरियों, डिवाइडरों एवं अन्य शासकीय संपत्तियों पर लगे अवैध फ्लेक्स और होर्डिंग्स हटाए गए।
स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने के निर्देश
निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों, स्वच्छता निरीक्षकों एवं अतिक्रमण गैंग प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान के तहत शहर की स्वच्छता एवं सुंदरता बनाए रखना प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी भी क्षेत्र में शासकीय संपत्तियों, बिजली पोल, डिवाइडर, रोटरी अथवा सार्वजनिक स्थलों पर बिना अनुमति फ्लेक्स, बैनर या होर्डिंग लगाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्तियों पर भारी जुर्माना लगाया जाए।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार अवैध प्रचार सामग्री हटाने का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।