इंदौर में 27 साल से बिना पासपोर्ट रह रहा केन्याई

Dainik Awantika Site Icon New

वीजा 1998 में खत्म, एफआईआर 2018 में, सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट कर रहा

ब्रह्मास्त्र इंदौर

दिल्ली में हाल ही में हुए धमाके के बाद इंदौर पुलिस अलर्ट मोड पर है। शहर में मकान मालिकों से किरायेदारों की जानकारी जुटाई जा रही है। लेकिन, पुलिस को इंदौर में रह रहे एक केन्याई नागरिक रिचर्ड एस मायका के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

मायका का वीजा खत्म हो चुका है। वह बिना पासपोर्ट के 27 साल से यहां किराये से रह रहा है जबकि वीजा पर भारत आने वाले विदेशियों को पुलिस और एफआरआरओ (विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय) में जानकारी देना अनिवार्य होता है।
चौंकाने वाली बात यह भी है कि पुलिस ने 7 साल पहले उसके खिलाफ बिना जानकारी दिए रहने की एफआईआर भी की थी। लेकिन उसे वापस भेजने का कोई प्रबंध नहीं किया। वह न केवल भारतीय मोबाइल नंबर यूज कर रहा है बल्कि उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट की भरमार है।

रिचर्ड एस मायका के पास भारत की एक निजी टेलीकॉम कंपनी का नंबर है। यह नंबर उसे किस आधार पर आवंटित किया गया, इसकी जानकारी भी पुलिस या किसी विभाग के पास नहीं है। उसके फेसबुक अकाउंट पर हजारों फॉलोअर्स हैं। इसी अकाउंट पर हिंसा भड़काने वाले कई वीडियो भी मौजूद हैं। ‘युगांडा भले ही चारों ओर से घिरा हुआ है, लेकिन हिंद महासागर भी हमारा है’ जैसी बातें लिखीं पोस्ट उसने शेयर की हैं। कुछ तस्वीरें ऐसी हैं, जिनमें खून-खराबा दिखाई दे रहा है। हालांकि, उसकी फ्रेंड लिस्ट में इंदौर का कोई भी नागरिक नहीं है।
हाईकोर्ट के एडवोकेट कृष्ण कुमार कुन्हारे ने बताया कि वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी वैध कागजों के बिना भारत में रहने वाले विदेशी नागरिक के खिलाफ धारा 14(क) फॉरेनर्स एक्ट 1946 के तहत पुलिस 2025 से पहले एफआईआर दर्ज करती थी। वहीं, कानून विशेषज्ञ डॉ. रूपाली ने बताया कि फॉरेनर्स रिजनल रजिस्ट्रेशन आॅफिस को ऐसे अप्रवासी लोगों के बिना दस्तावेज भारत में रहने, ठहरने या ओवर-स्टे करने पर निरीक्षण, पहचान, जांच, कार्रवाई तथा डिपोर्ट करने की संवैधानिक शक्तियां प्राप्त हैं। एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि होटल के रजिस्टर में प्रवासियों की जानकारी मेंटेन करने के साथ-साथ एफआरआरओ में उ-फॉर्म भरवाया जाता है। मकान मालिक को भी इस पोर्टल पर फॉर्म भरना होता है। अगर कोई जानकारी नहीं देता है, तो उस पर सख्त कार्रवाई होती है। वीजा पर आकर अपराध करने वाले विदेशियों के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। दिल्ली समेत देशभर के कई हिस्सों में ऐसे लोग रह रहे हैं।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment