महिला उत्पीड़न और भ्रष्टाचार के आरोप: कांग्रेस ने संविदा सहायक यंत्री को हटाने की मांग की

महिला उत्पीड़न और भ्रष्टाचार के आरोप: कांग्रेस ने संविदा सहायक यंत्री को हटाने की मांग की

उज्जैन में नगर पालिक निगम में पदस्थ संविदा सहायक यंत्री पीयूष भार्गव को हटाने की मांग को लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष ने संभागायुक्त आशीष सिंह को ज्ञापन सौंपा है।

कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि भार्गव पर महिला उत्पीड़न और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं। सेवानिवृत्ति के बाद संविदा पर नियुक्त भार्गव पर पूर्व में भी एक महिला उपयंत्री ने यौन शोषण के आरोप लगाए थे। इस मामले की शिकायत संबंधित थाने और महिला आयोग में दर्ज कराई गई थी, जिसकी जांच वर्तमान में नगर निगम में जारी है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी और नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने बताया कि तत्कालीन आयुक्त ने भार्गव को केवल पर्यवेक्षण के अधिकार दिए थे, लेकिन बोर्ड और अधिकारियों की कथित शह पर वे अब सिंहस्थ 2028 के सभी कार्यों के कार्यपालन यंत्री के रूप में काम कर रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि भार्गव पर सिंहस्थ 1992, 2004, 2016, स्मार्ट सिटी और जवाहरलाल नेहरू मिशन जैसे कई परियोजनाओं में भ्रष्टाचार के आरोप लग चुके हैं, जिनकी जांच जारी है।

कांग्रेस ने संभागायुक्त से मांग की है कि नगर निगम की छवि धूमिल करने वाले संविदा कर्मी पीयूष भार्गव को तत्काल सेवा मुक्त कर सभी पदों से हटाया जाए

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment