वाहनों में लगाते थे चाबी, लॉक खुलते ही चुरा लेते थे

उज्जैन। दो बदमाश 2 सालों से शहर में वाहन चोरी को अंजाम दे रहे थे। चेकिंग में एक पकड़ाया दो दूसरा भी गिरफ्त में आ गया। दोनों की निशानदेही पर तीन थाना क्षेत्रों से चुराए गए 10 दोपहिया वाहन बरामद किए गए। दोनों वाहनों में चाबी लगाते थे और लॉक खोलने पर चुरा कर भाग निकलते थे।
शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की वारदातों को लेकर महाकाल थाना पुलिस शंकराचार्य चौराहा पर चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान बिना नंबर की एक्टिवा पर सवार युवक पुलिस को देख भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने उसे पकड़ा और गाड़ी के दस्तावेज मांगे, नहीं दिखाने पर एक्टिवा चोरी होने की आशंका में थाने लाया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम फैजान पिता रहीम 22 वर्ष निवासी जानसापुरा होना बताया। सख्ती करने पर उसने अपने साथी विशाल पिता हरिसिंह ठाकुर 21 निवासी जैन मंदिर माणक चौक भैरवगढ़ के साथ चोरी करना कबूल कर लिया। पुलिस उसके साथी को पकडऩे भैरवगढ़ पहुंची और हिरासत में थाने लाई। फैजान उर्फ गोलू को देख उसने वाहन चोरी की 10 वारदातें कबूल कर ली।