झालावाड हाईवे पर करणी सेना का चक्काजाम

उज्जैन। हरदा में करणी सेना कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज का मामला तूल पकड़ता दिखाई दे रहा है। पूरे प्रदेश में सेना ने चक्काजाम शुरू कर दिया है। रविवार को उज्जैन-झालावाड़ नेशनल हाईवे पर करणी सेना के सैकड़ो कार्यकर्ता बैठ गये।
बताया जा रहा है कि करणी सेना पदाधिकारी आशीष राजपूत के साथ हीरा खरीदने के नाम पर 18 लाख की धोखाधड़ी हो गई थी। पुलिस ने विकास लोधी, मोहित वर्मा और उमेश तपानिया पर मामला दर्ज किया। मोहित का गिरफ्तार लिया था। शनिवार को पुलिस मोहित को लेकर कोर्ट में चालान पेश करने जा रही थी।  तभी सेना के कार्यकर्ता एकत्रित हो गये थे और मोहित का उनके हवाले करने की मांग कर नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने हंगामा बढ़ता देख लाठीचार्ज कर दिया और करणी सेना के जिलाध्यक्ष सुनील राजपूत, आशीष राजपूत सहित 4 अन्य कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया था। इसी गिरफ्तारी के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने रविवार को पूरे प्रदेश में प्रदर्शन शुरू कर दिये। उज्जैन-झालावाड़ नेशनल हाइवे पर चक्काजाम कर दिया। सैकड़ो की संख्या में कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गये। राघवी, घट्टिया, महिदपुर सहित आसपास थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने के प्रयास किये। कार्यकर्ताओं ने वाहनों को रोकना शुरू कर दिया था। जिसके चलते मार्ग के दोनों ओर लम्बा जाम लग गया। करीब पौन घंटे तक पुलिस चक्काजाम खुलवाने के प्रयास करती रही। इस बीच बड़नगर मार्ग इंगोरिया क्षेत्र के टोल से आगे करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने जाम लगा दिया। इंगोरिया, बड़नगर थाना पुलिस ने करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। इंदौररोड निनौरा टोल नाके पर कार्यकर्ता सड़को पर बैठ गये और जाम लगा दिया। नानाखेड़ा, नागझिरी पुलिस ने आधे घंटे की समझाईश के बाद कार्यकर्ताओं को हटाकर मार्ग का आवागमन शुरू कराया। उज्जैन जिले के साथ ही देवास और आसपास के जिलो में चक्काजाम किये जाने की खबरे सामने आई है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment