उज्जैन। घर से जामुन खाने का बोलकर निकले 2 छात्र वापस नहीं लौटे। शाम के दोनों के कपड़े और मोबाइल कालीसिंध नदी किनारे पर मिले। डूबने की आशंका में तलाश शुरू की गई। अंधेरा होने के बाद दोनों के शव नदी से बाहर निकाले गये। शनिवार सुबह दोनों का पोस्टमार्टम कराया गया। दोनों की मौत होने की खबर से पूरे गांव में माहौल गमगीन हो गया था।
घटनाक्रम तराना तहसील के ग्राम बडी तिलावत का होना सामने आये है। शुक्रवार दोपहर ग्राम में रहने वाले रोहित पिता शंकरसिंह राजपूत 18 वर्ष और लक्की उर्फ लोकेंद्र पिता रामसिंह 17 वर्ष घर से जामुन खाने का बोलकर निकले थे। देर शाम तक वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनके मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन दोनों के मोबाइल रिसिव नहीं हुए। काफी प्रयास करने के बाद भी कॉल नही उठा तो परिजनों ने तलाश शुरू की। शाम को कालीसिंध नदी किनारे से मवेशियों को लेकर लौट रहे ग्रामीण ने किनारे पर कपड़े और मोबाइल रखे देखे तो गांव वालों को जानकारी दी। रोहित और लक्की के परिजन कालीसिंह नदी किनारे पहुंचे। कपड़े और मोबाइल दोनों के होना सामने आये। डूबने की आशंका में गांव वालों ने तलाश शुरू की। कुछ युवको ने गोता लगाया, कुछ देर बाद लोकेन्द्र उर्फ लक्की का शव मिल गया। जिसे शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। रोहित की तलाश के प्रयास जारी थे, लेकिन अंधेरो ढल गया था, रात 8 बजे के लगभग रोहित को भी बाहर निकाल लिया गया। वह 15 फीट नीचे गहराई में चला गया था। दोनों के डूबने की खबर मिलने पर पुलिस घटनास्थल पहुंच गई थी। शव मिलने के बाद मर्ग कायम किया गया।
सुबह कराया गया दोनों का पोस्टमार्टम
रात में शव मिलने के बाद शनिवार सुबह दोनों का पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान सामने आया कि दोनों दोस्त थे और कक्षा 12 वीं के छात्र थे। घर से जामुन खाने का बोलकर निकले थे। नदी किनारे पहुंचने पर नहाने के लिये कपड़े उतार कर चले गये। अधिक गहराई में जाने से डूबने पर उनकी मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव गांव तिलवात पहुंचे तो परिवार के साथ पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। गांव में सन्नाटा दिखाई देने लगा। दोनों की शव यात्रा एक साथ निकाली गई। जिसमें बड़ी तादात में ग्रामीण शामिल हुए।
