मई में इतिहास की सबसे ज्यादा बारिश, सिक्किम में लैंडस्लाइड कई घर मलबे में दबे

ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली

मई में मानसून की दस्तक ने बारिश का नया रिकॉर्ड बना दिया है। देश में 30 मई तक 116.6 मिमी बारिश दर्ज हुई है जो मई में सबसे अधिक बारिश का रिकॉर्ड है। पिछला रिकॉर्ड 1990 का था, तब 110.7 मिमी बारिश हुई थी। सामान्य रूप से मई में औसतन 61.4 मिमी बारिश होती है।

हिमाचल प्रदेश में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट है। इसे देखते हुए स्थानीय लोगों और टूरिस्ट को एडवाइजरी जारी की गई है। लोगों को नदी नालों के आसपास, जहां पानी इकट्ठा होता हो और लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

उधर सिक्किम में भारी बारिश के कारण थेंग और चुंगथांग इलाकों में लैंडस्लाइड हुई। कई घर मलबे में दब गए। जम्मू-कश्मीर में शनिवार को बर्फबारी हुई। इसके चलते गुरेज-बांदीपुरा रोड और मुगल रोड पर ट्रैफिक रोक दिया गया है।
राजस्थान के 7 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अजमेर में सुबह आनासागर झील के तीन गेट 3-3 इंच खोले गए हैं। उधर, बाड़मेर में पिछले 24 घंटे में 30 एमएम बारिश हुई। यह मई में 6 साल में एक दिन की बारिश का रिकॉर्ड है। मेघालय में शुक्रवार को तेज बारिश हुई। पूर्वी खासी हिल्स जिले में 24 घंटे बारिश जारी है। यहां लैंडस्लाइड में महिला की मौत हुई। एक व्यक्ति पानी में डूब गया। मावकिनरू ब्लॉक में पेड़ के नीचे दबने से 15 साल के लड़के की जान चली गई।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment