परिवार ने बताया खुशी का दिन जल्द करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
अभिनेता राजपाल यादव को 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में बड़ी राहत मिली है। दिल्ली हाईकोर्ट ने सोमवार को उन्हें 18 मार्च 2026 तक अंतरिम जमानत दे दी। इससे पहले 5 फरवरी को अभिनेता ने सरेंडर किया था, जिसके बाद उन्हें तिहाड़ जेल भेज दिया गया था। अदालत ने यह राहत उस समय दी जब मामले में 1.5 करोड़ रुपये जमा किए जाने की पुष्टि निजी कंपनी एम/एस मुरली प्रोजेक्ट के वकील द्वारा की गई। राजपाल यादव को अस्थायी जमानत अपनी भांजी की शादी में शामिल होने के लिए दी गई है, जो शाहजहांपुर में आयोजित होनी है। अदालत के इस फैसले के बाद परिवार और करीबियों में खुशी का माहौल है। अभिनेता के मैनेजर गोल्डी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह हमारे लिए बहुत खुशी का दिन है और परिवार इस फैसले से बेहद राहत महसूस कर रहा है। उन्होंने पुष्टि की कि राजपाल यादव को जमानत मिल गई है और यह खबर पूरे परिवार के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। मैनेजर ने यह भी बताया कि राजपाल यादव जल्द ही इस पूरे मामले पर अपनी बात रखने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। संभावना है कि एक या दो दिन के भीतर प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी। तब तक इस मामले पर विस्तृत टिप्पणी नहीं की जाएगी। परिवार की ओर से फिलहाल यही कहा गया है कि वे कानूनी प्रक्रिया का पूरा सम्मान करते हैं और आगे की कार्रवाई कानून के तहत ही होगी। यह मामला वर्ष 2010 से जुड़ा है, जब राजपाल यादव ने अपनी फिल्म अता पता लापता के निर्माण के लिए ऋण लिया था। आरोप है कि वह समय पर कर्ज नहीं चुका पाए, जिसके बाद वित्तीय अनियमितता और चेक बाउंस का मामला अदालत तक पहुंचा। वर्ष 2018 में एक मजिस्ट्रेट अदालत ने राजपाल यादव और उनकी पत्नी को छह महीने की सजा सुनाई थी। इसके बाद मामला उच्च न्यायालय में लंबित रहा।
राजपाल यादव के वकील भास्कर उपाध्याय के अनुसार अभिनेता अब तक 9 करोड़ रुपये के मामले में लगभग 2.5 करोड़ रुपये का भुगतान कर चुके हैं। अदालत में जमा की गई राशि को देखते हुए ही अंतरिम जमानत का रास्ता साफ हुआ। मामले की अगली सुनवाई निर्धारित तिथि पर होगी और तब तक राजपाल यादव को राहत मिली है।
फिल्म इंडस्ट्री से भी उन्हें समर्थन मिल रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन और निर्देशक डेविड धवन सहित कई कलाकारों ने उनसे संपर्क किया है। वहीं गायक गुरु रंधावा, मीका सिंह और अनुप जलोटा ने भी सार्वजनिक रूप से आर्थिक सहयोग की बात कही है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन इंडस्ट्री में राजपाल के लिए सहानुभूति का माहौल देखा जा रहा है।
राजपाल यादव हिंदी सिनेमा में अपनी कॉमिक टाइमिंग और अलग अंदाज के लिए जाने जाते हैं। ह्यभूल भुलैयाह्ण, ह्यचुप चुप केह्ण, ह्यहंगामाह्ण, ह्यगरम मसालाह्ण और ह्यवक्त द रेस अगेंस्ट टाइमह्ण जैसी फिल्मों में उनके किरदार दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय रहे हैं। उनके खिलाफ चल रहे इस कानूनी विवाद ने उनके करियर पर असर डाला है, लेकिन जमानत मिलने के बाद उनके समर्थकों को उम्मीद है कि वे जल्द ही सामान्य जीवन और कामकाज में लौट सकेंगे।
फिलहाल सबकी नजरें प्रस्तावित प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं, जहां राजपाल यादव स्वयं इस पूरे प्रकरण पर अपनी बात रख सकते हैं। अदालत की ओर से दी गई यह अंतरिम राहत उनके लिए एक महत्वपूर्ण कानूनी मोड़ मानी जा रही है। आगे की सुनवाई और भुगतान की प्रक्रिया पर ही इस मामले का अंतिम परिणाम निर्भर करेगा।