30 साल बाद पकड़ाया पैरोल पर रिहा हुआ हत्या का आरोपी
उज्जैन। हत्या के मामले में केन्द्रीय जेल भैरवगढ़ में बंद आरोपी वर्ष 1994 में पैरोल पर रिहा हुआ था, उसके बाद से लगातार फरार चल रहा था। इस दौरान उसने मारपीट की घटना को अंजाम दिया। लेकिन गिरफ्त में नहीं आ सका। उसके खिलाफ न्यायालय 2 स्थाई वारंट जारी कर चुका था। 30 साल बाद पानबिहार चौकी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पानबिहार चौकी प्रभारी जयंत डामोर ने बताया कि वर्ष 2014 में हुई मारपीट के मामले में ग्राम पंचेडा में रहने वाले सेवाराम पिता नगजी आंजना लगातार फरार चल रहा था, उसके खिलाफ न्यायालय 2 स्थाई वारंट जारी कर चुका था। 10 सालों से उसकी तलाश की जा रही थी। बुधवार रात खबर मिली कि स्थाई वारंटी गांव में दिखाई दिया है। जिसकी गिरफ्तारी के लिये प्रधान आरक्षक तैय्यब खान, मानसिंह आर्य, अंकित निगम, आरक्षक पवन शर्मा को रवाना किया गया। वारंटी की तलाश कर उसे ग्राम पंचेड से हिरासत में लिया गया। इस दौरान सामने आया कि हिरासत में आया स्थाई वारंटी सेवाराम 85 साल हत्या का आरोपी है। उसे सजा हो चुकी थी। वह वर्ष 1994 में पैरोल पर रिहा हुआ था, उसके बाद वापस नहीं लौटा था। केन्द्रीय जेल की ओर से उसके पैरोल पर जाने के बाद फरार होने की शिकायत भैरवगढ़ थाने में दर्ज कराई गई थी। 30 साल बाद वह गिरफ्त में आया है। जिसे गुरूवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।
30 साल बाद पकड़ाया पैरोल पर रिहा हुआ हत्या का आरोपी
