उज्जैन। बड़नगर में 2 साल के भागीरथ देवासी की 200 फीट गहरे बोरवेल में फंसने से मौत हो गई। करीब 22 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद SDRF-NDRF की टीम ने लोहे की छड़, रस्सी और बोरवेल की मोटर निकालने वाली मशीन की मदद से शव को बाहर निकाला।
SP प्रदीप मिश्रा ने बताया- झालरिया गांव से बच्चे के शव को बड़नगर के सरकारी अस्पताल भेजा गया है। हमारी टीम भी वहीं जा रही है। जिसकी-जिसकी लापरवाही सामने आएगी, जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं SP ने रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद करने वालों का आभार व्यक्त किया।भागीरथ पिता पूसाराम देवासी, राजस्थान के पाली जिले का रहने वाला है। परिवार इलाके में भेड़ चराने के लिए आया था। परिजन के मुताबिक, बच्चा दीवार के पास खेल रहा था। उसने पत्थर से बोरवेल का ढक्कन हटाया और बाल्टी समझकर पैर डाल दिया, जिससे वह सीधे अंदर गिर गया। मां ने उसे गिरते देखा और बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह गहराई में जा चुका था।