April 26, 2024

उज्जैन। पोहा फैक्ट्री में महिला को बंधक बनाकर दुष्कर्म करने के मामले में एक भाजपा कार्यकर्ता का आडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले में नागझिरी पुलिस ने कारोबारी की पत्नी की शिकायत पर भाजपा कार्यकर्ता व खुद को पत्रकार बताने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया था। शुक्रवार को पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता को गिरफ्तार कर लिया था। शनिवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया था। जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया।
नागझिरी टीआई विक्रम इवने ने बताया कि नागझिरी स्थित पोहा फैक्ट्री में कुछ दिन पूर्व एक महिला बंधक मिली थी। उसकी शिकायत पर फैक्ट्री संचालक बंटी बिंदल पर दुष्कर्म का केस दर्ज किया गया था।
मामले में एक भाजपा कार्यकर्ता शंकरलाल अहिरवार के कई आडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुए थे। इसमें वह बिंदल के परिवार से लाखों रुपये की मांग कर रहा था। आरोपी बंटी बिंदल की पत्नी रजनी का कहना था कि समझौता कराने के लिए कई बार फोन किए गए। बातचीत के आडियो सामने आने के बाद रजनी की शिकायत पर पुलिस ने जांच की थी। जिसके बाद पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता शंकरलाल अहिरवार व खुद को पत्रकार बताने वाले अजय चौहान के खिलाफ केस दर्ज किया था।