18 जुआरी गिरफ्तार, 13 लाख से ज्यादा कैश जब्त

महिला आईएएस के फार्म हाउस पर जुआ, टीआई, एसआई और एएसआई सस्पेंड

ब्रह्मास्त्र इंदौर

महू के मानपुर थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के पुलिस ने अवलीपुरा स्थित एक फार्म हाउस पर दबिश देकर बड़े जुआ अड्डे का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से 18 जुआरियों को गिरफ्तार किया, जबकि 5 अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 13.67 लाख नकद, ताश के पत्ते, 30 मोबाइल फोन व दो कारें जब्त कीं। जब्त सामान की कीमत 28.67 लाख बताई गई है।

पुलिस को फार्म हाउस में बड़े स्तर पर जुआ खेले जाने की सूचना मुखबिर से मिली थी। पुलिस टीम ने तड़के दबिश दी थी। पुलिस के अनुसार, यह फार्म हाउस आईएएस वंदना वैद्य और उनके पति अम्बरीश वैद्य के नाम पर है। वंदना वैद्य अभी इंदौर में मप्र वित्त विकास निगम की प्रबंध संचालक (एमडी) हैं। शहडोल कलेक्टर भी रह चुकी हैं। एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया के अनुसार जुए के अड्डे का मुख्य संचालक राजगढ़ निवासी जगदीश राठौड़ उर्फ कुबड़ा है, जो फरार है। पकड़े गए 18 आरोपियों को बुधवार दोपहर एसडीएम कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। जांच में फार्म हाउस के केयरटेकर रंजीत चौधरी की आरोपी से मिलीभगत सामने आई है, जो रुपए लेकर फार्म हाउस जुए की पार्टियों के लिए उपलब्ध कराता था। मानपुर में बड़े स्तर पर चल रहे जुए की सूचना आला अधिकारियों को पहले ही मुखबिर से मिल गई थी। फिर भी मानपुर पुलिस ने कार्रवाई में देरी की। मामले में लापरवाही पर मानपुर टीआई लोकेन्द्र सिंह हिरवे, एसआई मिथुन ओसारी और एएसआई रेशम गिरवाल को सस्पेंड कर दिया गया है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment