उज्जैन। फ्रीगंज जीरो पॉइंट ब्रिज पर हुए हिट एंड रन मामले में देवासगेट पुलिस ने फरार इनोवा चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले को सुलझाने के लिए 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।यह हादसा 3 फरवरी की रात करीब 10:15 बजे हुआ था। एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने एक्सेस स्कूटी को टक्कर मार दी थी। इस दुर्घटना में स्कूटी चला रहे 23 वर्षीय सूरज अग्निहोत्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे 18 वर्षीय अंकित उर्फ कान्हा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। टक्कर मारने के बाद इनोवा चालक मौके से फरार हो गया था।घटना के बाद देवासगेट थाना पुलिस ने जांच शुरू की। एएसपी गुरुप्रसाद पाराशर और सीएसपी दीपिका शिंदे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अनिल पाराशर की टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।कई दिनों की मेहनत के बाद पुलिस को इनोवा की लोकेशन मिली। कार नानाखेड़ा क्षेत्र के परिहार परिसर के पास जय महाकाल गैरेज के पास खड़ी पाई गई। पुलिस ने तुरंत वाहन को जब्त कर लिया।जांच में आरोपी की पहचान हर्षवर्धन सिंह सोलंकी उर्फ नानू (22) निवासी जाट मोहल्ला, कमलापुर (देवास) के रूप में हुई, जो वर्तमान में महाशक्ति नगर, नानाखेड़ा, उज्जैन में रह रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की पूछताछ जारी है।
हिट एंड रन: इनोवा चालक गिरफ्तार: फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ा