उज्जैन। अगले सप्ताह के शुरूआत से ही बोर्ड परीक्षाओं का दौर शुरू हो जाएगा। जिले में इस बार हायर सेकेंडरी एवं हाईस्कूल के साथ डीपीएसई की परीक्षा का आयोजन भी होगा। इसके तहत जिले के 77 परीक्षा केंद्रों पर 40 हजार 234 विद्यार्थियों की परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इनमें से 10केंद्र संवेदनशील हैं। 10 फरवरी को हायर सेकेंडरी का पहला प्रश्न-पत्र होगा। इसके उपरांत 13 फरवरी को हाईस्कूल का पहला पर्चा रहेगा।
माध्यमिक शिक्षा मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी एसके रेनीवाल के अनुसार बोर्ड परीक्षाओं का दौर 10 फरवरी को हायर सेकेंडरी की परीक्षा के साथ शुरू होगा। इसके उपरांत 13 फरवरी को हाईस्कूल का पहला प्रश्न-पत्र की परीक्षा आयोजित होगी। इसके लिए बोर्ड ने अपनी तैयारी कर ली है। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्णता की और हैं।
शिक्षा विभाग ने कमर कसी-
माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षाओं में शिक्षा विभाग का बडा योगदान होता है। पूरी परीक्षाएं शिक्षा विभाग की देख रेख में ही आयोजित होती है। परीक्षाओं के केंद्र से लेकर परीक्षक सभी शिक्षा विभाग के रहते हैं। परीक्षाओं के संचालन के साथ ही शिक्षा विभाग कापियों की जांच के काम को भी समय और योजनाबद्ध अंजाम देता है। विभाग ने परीक्षाओं की पूरी तैयारी कर ली है एवं केंद्रों पर पुख्ता व्यवस्थाएं अंजाम दी गई हैं।
कुल 77 केंद्र,10 संवेदनशील-
प्रभारी जिला शिक्षाअधिकारी महेन्द्र खत्री बताते हैं कि बोर्ड परीक्षाओं के लिए जिले में कुल 77 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 43 शासकीय स्कूलों एवं 34 केंद्र निजी स्कूलों को बनाया गया है। इनमें से 10 परीक्षा केंद्र संवेदनशील स्थिति के हैं। ऐसे केंद्रों पर विशेष नजर रखने की व्यवस्थाएं भी की गई हैं। इसके तहत घट्टिया में 5,खाचरौद में 16,बडनगर में 10,महिदपुर में 10,उज्जैन में 26,तराना में 10 केंद्र बनाए गए हैं।
हायर सेकेंडरी में 16463 विद्यार्थी-
डीईओं श्री खत्री के अनुसार इस वर्ष हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा में जिले से 16463 विद्यार्थी भाग लेने वाले हैं। इनमें 13957 नियमित एवं 2506 स्वाध्यायी विद्यार्थी शामिल हैं। जिले के घट्टिया विकासखंड से 685,खाचरौद से3012,बडनगर से 2256,महिदपुर से1826,उज्जैन से 7129,तराना से 1555 विद्यार्थी इसमें शामिल होंगे।
हाईस्कूल में 23710 विद्यार्थी-
डीईओ श्री खत्री बताते हैं कि जिले से हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में कुल 23710 विद्यार्थी शामिल होने वाले हैं। इनमें 20322 नियमित एवं 3388 स्वाध्यायी विद्यार्थी शामिल हैं। जिले के घट्टिया से 1220,खाचरौद से 4833,बडनगर से 3307,महिदपुर से 3147,उज्जैन से 8513 ,तराना से 2690 विद्यार्थी शामिल होंगे।
डीपीएसई के 61 विद्यार्थी –
इस वर्ष जिले के डीपीएसई के 61 विद्यार्थी भी बोर्ड की परीक्षा देने वाले हैं। प्रथम के इसमें 30 एवं द्वितीय के 31 विद्यार्थी इसमें शामिल होंगे। ये सभी उज्जैन से संबंधित केंद्र पर ही परीक्षा देंगे। इनके लिए अलग से एक केंद्र निर्धारित किया गया है