ब्रह्मास्त्र इंदौर
जिला प्रशासन द्वारा बुधवार को हातोद में एक अवैध फैक्ट्री पर दबिश देकर दो लोडिंग रिक्शा सहित 100 किलो बारूद, रस्सी और कलर बरामद किया है। इसके साथ ही पुलिस द्वारा संचालक राहुल अग्रवाल सहित तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।
एडीएम रोशन राय ने बताया कि मौके पर बिना लाइसेंस के पटाखे का निर्माण होना पाया गया है। इसके बाद पूरे माल को जब्त करने के साथ ही अवैध फैक्ट्री को भी तोड़ने की कार्रवाई की गई। प्रशासन की नजरों से बचने के लिए यहां फॉर्म हाउस की आड़ में अवैध फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। गाय का शेड बनाकर 8 गाएं भी पाली जा रही थी। इससे लोगों को आभास हो कि फार्म हाउस में गाय पाली जा रही हैं।
ग्राम सोनगिरी तहसील हातोद स्थित चावड़ा कृषि फार्म हाउस जो लगभग 10 हजार वर्ग फीट क्षेत्रफल में बना हुआ है। यह फॉर्म हाउस कृषि भूमि है जो हितेंद्र सिंह पिता बहादुर सिंह एवं आदित्यराज पिता बहादुर सिंह निवासी ग्राम सोनगिर के नाम पर हैं। इस फॉर्म हाउस को राहुल अग्रवाल निवासी विद्या पैलेस कॉलोनी द्वारा 26 मार्च 2025 से कृषि भूमि किराए पर लेने का अनुबंध किया। इसके बाद राहुल द्वारा यहां शेड का निर्माण किया गया। शेड निर्माण होने के बाद अवैध पटाखा फैक्ट्री जिसमें सुतली बम बनाने का काम किया जा रहा था।
मौके से विजय पिता दौलत सिंह निवासी अरविंदो हॉस्पिटल के पास, सागर पिता नंदकिशोर प्रजापत निवासी हम्माल कॉलोनी, रंजीत पिता सुरेंद्र सिंह ठाकुर निवासी रुकमणि नगर इंदौर को हिरासत में लिया गया और दो वाहन मारुति सुपरकैरी और महिंद्रा वीरो बिना नंबर वाहन वाली जब्त की गई।
