उज्जैन। पुराने विवाद में रविवार शाम बदमाश ने युवक की सीने में चाकू घोंपकर हत्या कर दी। घायल को एक युवक अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज मिला है। जिसमें बदमाश हमला करता दिखाई दे रहा है। बदमाश की तलाश में उसके ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
मामला चिमनगंज थाना क्षेत्र की उद्योगपुरी क्षेत्र का है। जहां ढांचा भवन में रहने वाले केवल उर्फ केके पिता राजेन्द्र श्रीवास्तव 35 साल की शाम 4 बजे चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। केवल को घायल हालत में देख कारखाने में काम करने वाला योगेश चरक अस्पताल लेकर पहुंचा। डॉक्टरों ने परीक्षण के दौरान सीने में चाकू का गहरा घाव होना पाया। मामले की सूचना मिलते ही चिमनगंज थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। मृतक के परिजन से चर्चा की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गये। जिसमें बदमाश चाकू से हमला करता दिखाई दिया। बदमाश की पहचान करने पर सामने आया कि बहादूरगंज क्षेत्र का रहने वाला शेखर टंटा है। थाना प्रभारी गजेन्द्र पचौरिया ने बताया कि योगेश की शिकायत पर मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर एक टीम आरोपी की तलाश में रवाना की गई है। संभावना है कि जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
2 दिन पहले हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपी के बीच 2 दिन पहले विवाद हुआ था। दोनों नशा करने के आदी है। पुराने विवाद में ही शेखर ने उद्योगपुरी में घूम रहे केके पर अचानक आकर चाकू से सीने पर वार किया था। थाना प्रभारी के अनुसार मृतक के खिलाफ 10 से 11 अपराधिक मामले दर्ज है। वहीं जानकारी सामने आई है कि चाकू मारने वाले के खिलाफ भी डेढ़ दर्जन के लगभग अपराध अलग-अलग थानों में दर्ज है।
बुधवार-गुरूवार रात हुई थी हत्या
चिमनगंज थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरूवार रात भी हत्या का मामला सामने आया था। लिफ्ट मांगने की बात पर हुए विवाद में बेगमबाग कालोनी के रहने वाले भूरू उर्फ आरिफ की बाइक सवार 3 युवकों मोनू उर्फ दीपांशु बुंदेला शिवशक्तिनगर, लक्की और रेहान निवासी गांधी नगर ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने चंद घंटों में मोनू उर्फ दीपांशु को गिरफ्तार कर लिया था। जिसे 2 दिन की रिमांड के बाद रविवार को जेल भेजा गया। हत्या में शामिल रेहान और लक्की रविवार देर शाम तक पुलिस की हिरासत में नहीं आ पाये थे।
सीसीटीवी में दिखा घटनाक्रम, आरोपी की तलाश में दबिश पुराने विवाद में युवक की चाकू घोंपकर हत्या