श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनि प्रदोष से आरंभ होगा दीपावली पर्व
उज्जैन, दिनांक — श्री महाकालेश्वर मंदिर में इस वर्ष दीपावली पर्व का शुभारंभ शनि प्रदोष योग के पावन संयोग के साथ होने जा रहा है। पांच दिवसीय दीपोत्सव का प्रारंभ 18 अक्टूबर से होगा।
मंदिर के प्रशासक प्रथम कौशिक ने बताया कि शनिवार सुबह 9 बजे मंदिर के पुजारी एवं पुरोहित राष्ट्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना के साथ भगवान महाकाल का पूजन-अभिषेक करेंगे।
इसी दिन शाम 4 बजे शनि प्रदोष के अवसर पर ब्राह्मणों द्वारा गर्भगृह में रुद्र पाठ किया जाएगा। रुद्र पाठ उपरांत भगवान महाकाल का विशेष पूजन-अभिषेक कर संध्या समय नैवेद्य भोग अर्पित किया जाएगा, जिसके पश्चात भव्य संध्या आरती सम्पन्न होगी।
आगामी कार्यक्रमों के तहत —
-
20 अक्टूबर को अभ्यंग स्नान, दीपावली और अन्नकूट महोत्सव का आयोजन होगा।
-
22 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया जाएगा।
दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में रंग-रोगन, विद्युत सजावट और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था की गई है। मुख्य शिखर सहित मंदिर के सभी द्वारों को दीपमालाओं से सजाया जा रहा है, जिससे संपूर्ण परिसर दीपोत्सव की आभा से आलोकित रहेगा।
मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस शुभ पर्व में शामिल होकर श्री महाकाल के दरबार में दीप अर्पित करें और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की प्रार्थना करें।
