नई दिल्ली।पाकिस्तान में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें दो भाई और एक महिला शामिल है। ये तीनों लोग शुक्रवार को इस्लामाबाद के एक शिया मस्जिद में हुए आत्मघाती हमले से जुड़े बताए जा रहे हैं।इस हमले में 31 लोग मारे गए थे और 169 अन्य घायल हो गए थे। आत्मघाती हमलावर ने खदीजा अल-कुबरा मस्जिद (इमामबाड़ा) में खुद को उड़ा लिया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इन तीनों से पूछताछ जारी है और जांच एजेंसियां इस हमले के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने में जुटी हुई हैं।दूसरी ओर भारत ने हमले की निंदा करते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी। विदेश मंत्रालय ने देर रात बयान जारी कर कहा कि हमले में भारत के शामिल होने का दावा निराधार है। विदेश मंत्रालय ने कहा- यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान इन मुद्दों का हल ढूंढने के बजाय, दूसरों को अपनी परेशानियों के लिए दोषी ठहरा रहा है।
विदेश मंत्रालय ने आगे कहा- पाकिस्तान खुद को ही धोखा दे रहा है। भारत का ये बयान पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के उस दावे के बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि हमले में भारत और अफगानिस्तान शामिल थे।