ब्यावरा। हिन्दू नववर्ष गुड़ी पड़वा के अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा स्थानीय पीपल चौराहे पर स्टॉल लगाकर सामाजिक सद््भाव और आरोग्य की कामना के साथ एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। परंपरानुसार पीपल चैराहे पर स्टॉल लगाया गया, जहां मंदिर दर्शन के लिए पहुंच रहे। श्रद्वालुओं तथा कामकाज के लिए निकलने वाले नागरिकों को नीम और मिश्री का वितरण किया गया। कार्यकर्ताओं ने लोगों को मंगल तिलक लगाकर नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दी।
परंपरानुसार पीपल चौराहा वर्षो से इस आयोजन का केन्द्र रहा है, जहां समाजजन उत्साहपूर्वक शामिल होकर शुभारंभ का आशीर्वाद ग्रहण करते है। इस अवसर पर जिले के सारंगपुर, तलेन, सुठालिया सहित अन्य प्रखंडो के मुख्य चौराहों पर महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्वालु मौजूद रहे। गुड़ी पड़वा पर आयोजित यह सेवा और सांस्कतिक कार्यक्रम लोगों में उत्साह, सौहार्द और नववर्ष के प्रति सकारात्मक उर्जा का संदेश देता रहा है। इस अवसर पर विभाग मंत्री अशोक गुप्ता, विभाग सेवा प्रमुख अशोक अग्रवाल, जिला मंत्री हर्ष तोमर, जिला प्रचार प्रसार प्रमुख मनोज पाठक, जिला सहसंयोजक शैलेन्द्रसिंह नरुका, जिला मिलन प्रमुख बंटी कुशवाह, प्रखंड अध्यक्ष देवराज दांगी, प्रखंड मंत्री नरेन्द्र लववंशी, प्रखंड उपाध्यक्ष संजय शिवहरे, प्रखंड सहमंत्री शैलू प्रजापति, प्रखंड संयोजक प्रशांत गवली, सोनू धनोलिया, इशिका अहिरवार, हर्षित अहिरवार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सारंगपुर।
वसंत की मादक बयार, और नवजीवन की उमंगों से भरी प्रकृति के मध्य आज चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के पावन प्रभात में वासंतिक नवरात्रि का शुभारंभ अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और विधि-विधान के साथ हुआ। प्रथम दिवस पर घटस्थापना के साथ ही देवी उपासना की दिव्य साधना का शुभारंभ हुआ, जिसने क्षेत्र सहित नगर के घर-घर में भक्तिभाव की अलौकिक छटा बिखेर दी। प्रात:कालीन बेला में ब्रह्ममुहूर्त से ही मंदिरों में घंटा-घडियाल की गूंज, शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं ने माँ दुर्गा का आह्वान किया। विधिपूर्वक कलश स्थापना, जौ बोना (बीजारोपण), और अखंड ज्योति प्रज्वलन के साथ श्रद्धा का यह महापर्व प्रारंभ हुआ। ऐसा प्रतीत हुआ मानो सम्पूर्ण वातावरण माँ भगवती के आगमन की अगवानी में सुसज्जित हो उठा हो। क्षेत्र की अधिष्ठात्री देवी बिजासन माता, नगर की अधिष्ठात्री देवी अंबिका माता सहित नगर के प्रमुख मंदिरों में विशेष सजावट की गई, जहाँ माँ दुर्गा के विभिन्ना रूपों की मनोहारी झांकी सजाई गई। पुष्पों, रंगोली और दीपों की अलंकारिक साज-सज्जा ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद में सराबोर कर दिया। भक्तगण भक्ति-रस में डूबकर जय माता दी के जयघोष से वातावरण को गुंजायमान करते रहे। घरों में भी महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से घटस्थापना कर माँ शैलपुत्री की आराधना की।
्नराजगढ़
मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित विक्रमोत्सव 2026 के अंतर्गत सृष्टि आरंभ दिवस वर्ष प्रतिपदा (विक्रम संवत 2083) के पावन अवसर पर जिला मुख्यालय राजगढ़ स्थित परायण चौक में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग नारायण सिंह पंवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात: 10 बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा नव संवत्सर के महत्व पर प्रकाश डाला गया। प्रस्तुति दल द्वारा ब्रह्म ध्वज का वंदन किया गया तथा अतिथियों द्वारा ब्रह्म ध्वज वंदन एवं पुस्तकों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन द्वारा विक्रम संवत की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पृष्ठभूमि पर विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर महाराजा विक्रमादित्य के जीवन पर आधारित आकर्षक नाट्य प्रस्तुति म.प्र. नाट्य विद्यालय, भोपाल के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की गई, जिसे उपस्थितजनों ने सराहा।
विहिप ने आरोग्य की कामना के साथ नीम मिश्री का किया वितरण